हरियाणा के हिसार से उत्तर प्रदेश जा रहे छह लोग मुजफ्फरनगर में एक दर्दनाक सड़क हादसे का शिकार हो गए। पानीपत-खटीमा हाईवे पर जागाहेड़ी के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकरा गई। इसके बाद कार डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में पलट गई। हादसे के तुरंत बाद कार में भीषण आग लग गई और देखते ही देखते पूरी गाड़ी आग का गोला बन गई। इस दर्दनाक हादसे में एक महिला और बच्चों समेत कार सवार सभी छह लोगों की जिंदा जलने से मौत हो गई।
बिजली के पोल से टकराने के बाद पलटी कार
जानकारी के अनुसार, कार में सवार सभी लोग हिसार से उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर होते हुए हरिद्वार जा रहे थे। इसी दौरान जागाहेड़ी के पास चालक कार से नियंत्रण खो बैठा। कार पहले बिजली के पोल से टकराई और फिर डिवाइडर तोड़कर दूसरी तरफ पलट गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में आग लग गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, आग लगने के बाद कार में सवार लोग अंदर ही फंस गए और बाहर नहीं निकल पाए।
दमकल और पुलिस टीम ने चलाया बचाव अभियान
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। पुलिसकर्मियों ने बचाव अभियान शुरू करते हुए कार से सभी छह लोगों को बाहर निकलवाया। इसके बाद उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया। हादसे का मंजर इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद लोग भी सहम गए।
मृतकों की पहचान करने में जुटी पुलिस
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अक्षय संजय ने पत्रकारों को बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया था। उन्होंने बताया कि हादसे में छह लोगों की मौत हुई है। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस उनकी पहचान करने और परिजनों को सूचना देने की कोशिश कर रही है।


Comments
No comments yet.