पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। चुनाव आयोग ने भी चुनावी तैयारियों को लेकर अपनी गतिविधियां बढ़ा दी हैं। जानकारी के मुताबिक, मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) नवंबर के आखिरी सप्ताह तक पंजाब का दौरा कर सकते हैं। इस दौरान चुनावी तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था समेत विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की जाएगी।
जनवरी के पहले सप्ताह में हो सकता है चुनावी ऐलान
जानकारी के अनुसार, दिसंबर के आखिरी सप्ताह तक देश के पांच चुनावी राज्यों की समीक्षा प्रक्रिया पूरी करने के बाद चुनाव आयोग जनवरी 2027 के पहले सप्ताह में पंजाब समेत अन्य राज्यों के विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकता है। ऐसे में पंजाब में फरवरी के आखिरी सप्ताह या मार्च के शुरुआती दिनों में मतदान होने की संभावना जताई जा रही है।
16 मार्च 2027 तक है मौजूदा सरकार का कार्यकाल
पंजाब में मौजूदा सरकार और मुख्यमंत्री का कार्यकाल 16 मार्च 2027 तक है। ऐसे में चुनाव आयोग को इस तारीख से पहले पूरी चुनावी प्रक्रिया संपन्न करवानी होगी। चुनाव की तैयारियों के लिहाज से आयोग की गतिविधियां आने वाले दिनों में और तेज हो सकती हैं।
2022 में दौरे के 24 दिन बाद लागू हुई थी आचार संहिता
अगर 2022 के विधानसभा चुनाव के घटनाक्रम पर नजर डालें तो उस समय चुनाव आयोग की टीम ने 15 और 16 दिसंबर 2021 को पंजाब का दौरा किया था। इसके ठीक 24 दिन बाद यानी 8 जनवरी 2022 को विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान करते हुए आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू कर दी गई थी।
उस समय पंजाब में 20 फरवरी 2022 को मतदान हुआ था, जबकि 10 मार्च को चुनाव के नतीजे घोषित किए गए थे।
वरिष्ठ अधिकारियों की टीमें कर चुकी हैं दौरा
मुख्य चुनाव आयुक्त के प्रस्तावित दौरे से पहले चुनाव आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों की टीमें 27 और 28 अक्टूबर को पंजाब का दौरा कर चुकी हैं। इन टीमों ने राज्य में चुनावी तैयारियों का जायजा लेने के बाद अपनी रिपोर्ट चुनाव आयुक्त को सौंप दी है। अब नवंबर के अंत में मुख्य चुनाव आयुक्त के संभावित दौरे को 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।


Comments
No comments yet.