पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक गतिविधियां तेज होती नजर आ रही हैं। लुधियाना में भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को पंजाब पुलिस ने हिरासत में ले लिया। बिट्टू शनिवार को मुख्यमंत्री भगवंत मान के पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी (PAU) पहुंचने से पहले ही गेट नंबर 8 के पास अपने समर्थकों के साथ पहुंच गए थे। वहां उन्होंने मुख्यमंत्री के काफिले के सामने अंडे, टमाटर और शराब की बोतल दिखाकर विरोध जताया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।
ਭਗਵੰਤ ਮਾਨ ਨੂੰ ਪੰਜਾਬੀਆਂ ਵੱਲੋਂ ਲਾਹਣਤ। pic.twitter.com/YScjlADTi2
— Ravneet Singh Bittu (@RavneetBittu) September 19, 2026
हाथ में अंडे-टमाटर और शराब की बोतल लेकर किया विरोध
मुख्यमंत्री भगवंत मान के PAU पहुंचने से कुछ समय पहले बिट्टू ने गेट नंबर 8 के बाहर मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उनके हाथ में अंडे, टमाटर और शराब की बोतल नजर आई। उन्होंने इसे मुख्यमंत्री के खिलाफ अपने विरोध के तौर पर पेश किया। रिपोर्टों के मुताबिक, बिट्टू ने शराब की बोतल को मुख्यमंत्री के लिए 'गिफ्ट' बताते हुए भी टिप्पणी की। वह वही अंडे और टमाटर लेकर आए हैं, जिनके बारे में उन्होंने आरोप लगाया था कि शुक्रवार को उनके काफिले पर फेंके गए थे।
एक दिन पहले बिट्टू के काफिले पर फेंके गए थे अंडे-टमाटर
दरअसल, शुक्रवार को बटाला के पास बिट्टू के काफिले को लेकर विवाद हुआ था। बिट्टू ने दावा किया था कि उनके काफिले पर अंडे, टमाटर और पत्थर फेंके गए तथा कुछ वाहनों को नुकसान पहुंचा। उन्होंने इस घटना के लिए AAP से जुड़े लोगों पर आरोप लगाए थे। AAP ने इन आरोपों को खारिज किया है। इसी घटना के अगले दिन बिट्टू अंडे और टमाटर लेकर PAU गेट पर पहुंचे। उनके विरोध के बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।
PAU के बाहर बढ़ा राजनीतिक तनाव
मुख्यमंत्री भगवंत मान शनिवार को PAU के किसान मेले में शामिल होने पहुंचे थे। उनके पहुंचने से पहले ही बिट्टू के प्रदर्शन के चलते यूनिवर्सिटी के गेट के बाहर राजनीतिक तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने स्थिति को कंट्रोल करने के लिए बिट्टू को मौके से हिरासत में लेकर वहां से हटाया।





Comments
No comments yet.