21 जिलों में आगजनी, 28 जगह बम धमाके...फिर क्यों भड़का बांग्लादेश!
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार दोपहर सुरक्षाबलों को निशाना बनाकर फायरिंग की गई। बाइक पर सवार होकर आए अज्ञात हमलावरों ने अखरान स्थित CRPF कैंप के पास नाका ड्यूटी पर तैनात जवानों पर गोलियां चला दीं। इस हमले में CRPF के तीन जवान घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
दोपहर 2:15 बजे जवानों पर की गई फायरिंग
जानकारी के मुताबिक, घटना बुधवार दोपहर करीब 2:15 बजे की है। कुलगाम के अखरान इलाके में CRPF जवान नियमित नाका ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर पहुंचे अज्ञात हमलावरों ने अचानक उन पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में दहशत फैल गई।
तीन जवानों को लगी गोलियां
हमले में घायल जवानों की पहचान हेड कॉन्स्टेबल सोमवीर और कॉन्स्टेबल संतानो व राकेश दास के रूप में हुई है। तीनों जवान CRPF की 46वीं बटालियन में तैनात हैं। गोलीबारी में एक जवान के पैर, दूसरे के हाथ और तीसरे की पीठ में गोली लगी है। घटना के तुरंत बाद तीनों घायलों को उपचार के लिए अनंतनाग के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हमलावरों की तलाश में सर्च ऑपरेशन शुरू
फायरिंग के बाद हमलावर बाइक से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। हमलावरों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए आसपास के क्षेत्रों में भी जांच की जा रही है। फिलहाल हमले के पीछे किसका हाथ है, इसका पता नहीं चल पाया है।


Comments
No comments yet.