Wed, 11 Nov 2026
G2M देता है आप कीं क़लम आप के हाथ । G2M देता है आप को स्वतंत्र पत्रकारिता का सुनहरा मौक़ा, बह भी विना किसी शुल्क के। G2M देता है आप कीं क़लम आप के हाथ । G2M देता है आप को स्वतंत्र पत्रकारिता का सुनहरा मौक़ा, बह भी विना किसी शुल्क के।
Post Details

पंजाब में PRTC बस का एक्सीडेंट : हादसे में 3 लोगों की मौत, CM मान का आया बयान

पंजाब के संगरूर में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। चंडीगढ़ जा रही पंजाब रोडवेज ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (PRTC) की एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 26 लोग घायल हो गए। घायलों में 15 की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए पटियाला के राजिंदरा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य घायलों का उपचार संगरूर के सिविल अस्पताल में चल रहा है।

सुबह 4:30 बजे चंडीगढ़ के लिए निकली थी बस
जानकारी के अनुसार, PRTC की यह बस सुबह करीब 4:30 बजे संगरूर से चंडीगढ़ के लिए रवाना हुई थी। कुछ दूरी तय करने के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान के आवास के पास स्थित ओवरब्रिज के नजदीक बस हादसे का शिकार हो गई। बताया जा रहा है कि बस पहले ओवरब्रिज के कोने से टकराई और फिर सड़क से नीचे उतरकर झाड़ियों में जा घुसी।

ओवरब्रिज से टकराने के बाद बिगड़ा बस का संतुलन
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस धूरी की तरफ से आ रही थी। इसी दौरान अचानक बस ओवरब्रिज के एक कोने से टकरा गई। टक्कर लगते ही चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद बस पक्की सड़क से उतरकर कच्चे रास्ते की झाड़ियों में चली गई और वहां पेड़ों से टकराने के बाद पलट गई।

हादसा इतना भीषण था कि बस के अगले और पिछले हिस्से के शीशे पूरी तरह टूट गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य में मदद की और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

15 गंभीर घायलों को पटियाला किया रेफर
हादसे में घायल हुए 26 यात्रियों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से 15 यात्रियों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पटियाला के राजिंदरा अस्पताल रेफर कर दिया गया। बाकी घायलों का इलाज संगरूर के सिविल अस्पताल में किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने जताया दुख, मुफ्त इलाज के निर्देश
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने संगरूर में हुए इस दर्दनाक बस हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना में तीन लोगों की जान जाने की खबर बेहद पीड़ादायक है। साथ ही 24 घायलों को लेकर जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि इनमें से 15 को बेहतर इलाज के लिए पटियाला रेफर किया गया है।

मुख्यमंत्री ने प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि हादसे से प्रभावित सभी लोगों को मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने दिवंगत यात्रियों की आत्मा की शांति और उनके परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की। इसके साथ ही उन्होंने सभी घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 277692

Share this Post