Sat, 21 Mar 2026
G2M is a social Media platform which is designed for journalists, bloggers, and content creators Join it G2M is a social Media platform which is designed for journalists, bloggers, and content creators Join it

लेबर कालोनी में चाकू मारकर चचेरे भाई की हत्या पारिवारिक विवाद की रंजिश में आरोपितों ने मां व दोस्तों के साथ मिलकर की वारदात, हमले में दूसरा भाई जख्मी पढ़ें पूरी खबर

लेबर कालोनी में चाकू मारकर चचेरे भाई की हत्या

पारिवारिक विवाद की रंजिश में आरोपितों ने मां व दोस्तों के साथ मिलकर की वारदात, हमले में दूसरा भाई जख्मी

पढ़ें पूरी खबर 

 

 

जालंधर (राजन) : पारिवारिक विवाद की रंजिश में गढ़ा रोड स्थित लेबर कालोनी में मंगलवार रात करीब 12.45 बजे युवकों ने चचेरे भाइयों पर चाकू से हमला कर दिया। इसमें एक की मौत हो गई, जबकि दूसरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान लेबर कालोनी निवासी 36 वर्षीय कुश के रूप में हुई है। कुश आटो चलाता था। पुलिस ने घायल निखिल के बयानों पर उसके चचेरे भाई लेबर कालोनी के रहने वाले वीरू, अंश, उनकी मां सीमा, हरप्रीत सिंह, गढ़ा के कमल उर्फ मीठा, वंश, फग्गू मोहल्ला गढ़ा के दमन, कन्यावाली के आशीष और कैंट के रहने वाले नन्नू के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने केस में नामजद सात आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि वीरू और कमल उर्फ मिट्ठा फरार चल रहे हैं।

 

कुश के बड़े भाई निखिल ने बताया कि वह ड्राइवर है। वह मंगलवार रात करीब नौ बजे परिवार के साथ अपने घर में खाना खा रहा था कि बाहर शोर होने लगा। वह छोटे भाई कुश उर्फ अनु के साथ घर से बाहर गया तो देखा कि चचेरे भाई वीरू पड़ोसी कमल के साथ उनके घर पर बाहर ईंट पत्थरों से हमला कर रहे थे। आरोपित दोनों भाइयों को घर से बाहर आते देख गालियां देते हुए मौके भाग गए, जिसकी शिकायत वह थाना सात की पुलिस को देकर आए। शिकायत देने के कुछ समय के बाद वीरू, अंश, उनकी मां सीमा सहित सभी आरोपित फिर घर के बाहर आ गए। उन्होंने घर के बाहर खड़ी एक्टिवा को गिरा दिया और गालियां देने लगे। यह सुनकर दोनों भाई दोबारा घर से बाहर निकले तो सभी गालियां देते हुए गली के मोड़ पर चले गए।

दोनों चचेरे भाइयों और उनके साथियों से बात करने के लिए गली के मोड़ पर गए तो कमल ने उसके सिर पर नुकीली चीज से वार किया, जिससे उसके सिर से खून बहने लगा। हमला होता देख कुश उसे बचाने के लिए आगे आया तो वीरू ने हाथ में पकड़े चाकू से भाई पर वार किया, जो भाई की दाहिनी जांघ पर लगा। भाई के नीचे गिरने के बाद वीरू ने फिर दूसरा वार छाती पर और बाद पेट पर किया। भाई की हालत गंभीर देखकर आरोपित भाग गए। दोनों को सिविल अस्पताल ले जाया गया तो डाक्टरों ने कुश को मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी बलजिंदर सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है।

 

बड़ा भाई बोला-दीवाली पर बुझा दिया घर का 'दीपक'

निखिल ने बताया कि वह उसकी पत्नी, मां, पिता और छोटे भाई कुश दिवाली की बातें कर रहे थे। कुश ने मां से कहा कि खाना खाने के बाद घर में दीपक जलाते हैं, लेकिन उससे पहले ही आरोपितों ने हमला कर दिया। यह देख उन्होंने खाना बीच में ही छोड़ दिया। उसने रोते हुए कहा कि थाने से शिकायत देकर घर लौटे और दीपक जलाने के लिए सोचने लगे कि फिर हमला हो गया। उसने कहा कि अगर उसे पता होता कि हमले में उसके घर का दीपक बुझ जाएगा तो वह उसे बाहर ही नहीं जाने देता।

 

शहर में 24 घंटे में दूसरा कत्ल, सुरक्षा व्यवस्था पर उठने लगे सवाल

बता दें कि दिवाली की रात रामामंडी फ्लाईओवर के पास बदमाशों ने रिकवरी एजेंट दीप नगर के रहने वाले 23 वर्षीय सुमित की हत्या कर दी थी। उस हत्या को 24 घंटे भी नहीं बीते कि लेबर कालोनी में दूसरा कत्ल हो गया। 24 घंटे के अंदर शहर में दो कत्ल होने से पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ लगे हैं।

 

निखिल ने चचेरे भाइयों पर नशा वेचने के लगाए आरोप

निखिल ने आरोप लगाए कि कई साल पहले हत्यारोपित अंश और वीरू के पिता विजय को उसके दादा ने हिस्सा देकर घर निकाल दिया था। उसके बाद दोनों के पिता ने तीसरी शादी सीमा से की थी। शादी के बाद उनके पिता की मौत हो गई थी। इसके बाद मां सीमा ने बच्चों के मन मैं बातें डाल दी कि उनके पिता के परिवार ने गलत किया, जिसके चलते चचेरे भाई मन में रंजिश रखने लगे। उसने आरोप लगाए आरोपित दोनों भाई कोई काम नहीं करते थे और इलाके में लुक छिप कर नशा बेचते थे, जिसके चलते पुलिस कई बार उनके घर में आई। दोनों आरोपितों को लगता था कि उन्होंने पुलिस को बताया होगा। इसी कारण दोनों आए दिन साथियों के साथ उनके घर में हमला कर देते थे, जिसकी कई बार शिकायत उन्होंने पुलिस को दी थी। उसने आरोप लगाते हुए कहा कि अगर पुलिस शिकायतों पर कार्रवाई की होती तो शायद चचेरे भाइयों के हौसले इतने बुलंद न होते और छोटा भाई कुश परिवार के बीच होता।


70

Share News

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 148049