Fri, 20 Nov 2026
G2M देता है आप कीं क़लम आप के हाथ । G2M देता है आप को स्वतंत्र पत्रकारिता का सुनहरा मौक़ा, बह भी विना किसी शुल्क के। G2M देता है आप कीं क़लम आप के हाथ । G2M देता है आप को स्वतंत्र पत्रकारिता का सुनहरा मौक़ा, बह भी विना किसी शुल्क के।
Post Details

पंजाब में हंसता-खेलता गुरसांझ बना नफरत का शिकार, 2 साल के मासूम की हत्या ने सबको झकझोरा

मोहाली के लालड़ू में 2 साल के मासूम गुरसांझ की हत्या के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक, बच्चे की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसी गांव में रहने वाली एक महिला ने की थी। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले महिला का गर्भपात हुआ था, जिसके बाद वह मानसिक रूप से परेशान और गुस्से में थी। उसे घर के बाहर खेलते और हंसते हुए गुरसांझ को देखकर गुस्सा आता था। इसी के चलते उसने कथित तौर पर बच्चे को घर के बाहर से अगवा किया और पड़ोसी की छत पर ले जाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।

घर के बाहर खेल रहे बच्चे को उठाकर ले गई महिला
मामला लालड़ू के बल्लोपुर गांव का है। गुरविंदर सिंह का 2 वर्षीय बेटा गुरसांझ 14 नवंबर को दोपहर करीब डेढ़ बजे घर के बाहर गली में खेल रहा था। कुछ समय बाद जब उसके दादा बहादुर सिंह और परिवार के अन्य सदस्यों ने बच्चे को आसपास देखा तो वह गायब था। परिजनों ने तुरंत गांव की गलियों, आसपास के घरों और खेतों में उसकी तलाश शुरू कर दी। रिश्तेदारों से भी संपर्क किया गया, लेकिन बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला। शाम तक तलाश के बावजूद गुरसांझ का पता नहीं चलने पर परिवार ने लालड़ू थाने में शिकायत दर्ज करवाई।

पुलिस की तीन टीमों ने रातभर चलाया सर्च ऑपरेशन
बच्चे के लापता होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश के लिए तीन विशेष टीमें गठित कीं। पुलिसकर्मियों ने गांव और आसपास के इलाकों में रातभर सर्च ऑपरेशन चलाया। घरों और आसपास के क्षेत्रों में तलाश की गई, लेकिन पूरी रात बच्चे का कोई पता नहीं चल सका।

20 घंटे बाद पड़ोसी की छत पर मिला मासूम का शव
15 नवंबर की सुबह लापता गुरसांझ का शव घर से करीब चार-पांच मकान दूर रहने वाले राजबीर सिंह के मकान की टिन वाली छत पर मिला। बच्चे के शरीर पर चोट और खरोंच के निशान थे। शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पड़ोसी की ऊंची छत पर बच्चे का शव मिलने से परिजनों ने पहले ही हत्या की आशंका जताई थी। उनका कहना था कि महज 2 साल का बच्चा खुद इतनी ऊंचाई पर स्थित छत तक नहीं पहुंच सकता।

गर्भपात के बाद महिला को बच्चे से होने लगी थी नफरत
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी महिला का कुछ दिन पहले गर्भपात हुआ था। इसके बाद वह गुस्से में रहती थी। उसे गुरसांझ का घर के बाहर हंसना-खेलना भी बर्दाश्त नहीं होता था। इसी रंजिश में उसने कथित तौर पर बच्चे को घर के बाहर से उठाया और पड़ोसी की छत पर ले जाकर उसकी हत्या कर दी।

हत्या में इस्तेमाल कंबल और चादर बरामद
पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार करने के बाद उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया कंबल और चादर बरामद कर लिया है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। 19 नवंबर को आरोपी महिला को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल करने की प्रक्रिया की जा रही है, ताकि वारदात के पीछे की पूरी कहानी और अन्य जानकारियां सामने लाई जा सकें।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 296078

Share this Post