Mon, 16 Nov 2026
G2M देता है आप कीं क़लम आप के हाथ । G2M देता है आप को स्वतंत्र पत्रकारिता का सुनहरा मौक़ा, बह भी विना किसी शुल्क के। G2M देता है आप कीं क़लम आप के हाथ । G2M देता है आप को स्वतंत्र पत्रकारिता का सुनहरा मौक़ा, बह भी विना किसी शुल्क के।
Post Details

राजस्थान रेलवे ट्रैक ब्लास्ट में पाकिस्तान कनेक्शन, ISI के इशारे पर पैसेंजर ट्रेन उड़ाने की थी साजिश

राजस्थान के श्रीगंगानगर में अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे ट्रैक पर 3 नवंबर को हुए ब्लास्ट के मामले में एंटी टेरेरिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में इस घटना के तार पाकिस्तान से जुड़े होने की बात सामने आई है। आरोप है कि पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के इशारे पर रेलवे ट्रैक पर IED लगाकर पूरी पैसेंजर ट्रेन को उड़ाने की साजिश रची गई थी। हालांकि, बम निर्धारित समय से देरी से फटा, जिससे बड़ा रेल हादसा टल गया।

पैसे और प्यार के जाल में फंसाए जा रहे युवा

राजस्थान ATS के ADG दिनेश एमएन ने बताया कि 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी और आतंकी नेटवर्क ने भारत के युवाओं और लड़कियों को निशाना बनाने का नया तरीका अपनाया है। उन्हें पैसे और प्यार के जाल में फंसाकर देश विरोधी गतिविधियों में शामिल करने की कोशिश की जा रही है।

2.23 लाख रुपए देकर करवाई गई वारदात

ATS के मुताबिक, इस मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपियों को कुल 2.23 लाख रुपए दिए गए थे। इसमें एक लाख रुपए नकद और बाकी रकम ऑनलाइन ट्रांसफर की गई थी। आरोप है कि पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में आने के बाद दोनों ने ड्रोन के जरिए गिराए गए टाइम बम रेलवे ट्रैक पर लगाए थे।

ट्रेन गुजरने के आधे घंटे बाद हुआ ब्लास्ट

जांच में सामने आया कि रेलवे ट्रैक पर लगाए गए बम का समय निर्धारित योजना के मुताबिक नहीं रहा। टाइमिंग में चूक होने के कारण पैसेंजर ट्रेन के वहां से गुजरने के करीब आधे घंटे बाद धमाका हुआ। इससे ट्रेन इसकी चपेट में आने से बच गई और एक बड़ा रेल हादसा टल गया।

पंजाब के गुरदासपुर से दो आरोपी गिरफ्तार

ATS ने इस मामले में पंजाब के गुरदासपुर से महकदीप कौर (19) और उसके साथी देवेंद्र सिंह (23) को गिरफ्तार किया है। दोनों को रविवार को अतिरिक्त सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट संख्या-2 की अदालत में पेश किया गया। अदालत ने आरोपियों को पूछताछ के लिए 8 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 287731

Share this Post