पंजाब के पूर्व मंत्री के घर ED की रेड, पुलिस समेत CRPF की टीमें तैनात
होशियारपुर में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा के आवास पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने छापेमारी की है। सोमवार सुबह करीब 5 बजे केंद्रीय एजेंसी की टीमें उनके घर पहुंचीं और जांच शुरू कर दी। कार्रवाई के दौरान सुंदर शाम अरोड़ा अपने आवास के अंदर ही मौजूद थे।
जानकारी के मुताबिक, अधिकारी तीन से चार गाड़ियों में सवार होकर पहुंचे थे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए उनके साथ केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवान भी तैनात थे। फिलहाल छापेमारी किस मामले में की जा रही है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
किस मामले में पहुंची ED की टीम? स्थिति स्पष्ट नहीं
सुंदर शाम अरोड़ा के आवास पर ED की कार्रवाई को लेकर अभी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। एजेंसी की टीम किन दस्तावेजों या मामलों की जांच कर रही है और इस दौरान क्या-क्या कार्रवाई की गई है, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। इस मामले में ED की ओर से आधिकारिक बयान सामने आने का इंतजार किया जा रहा है। जांच पूरी होने या एजेंसी की ओर से जानकारी साझा किए जाने के बाद ही कार्रवाई की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
पहले भी जांच एजेंसियों के निशाने पर रह चुके हैं अरोड़ा
पूर्व मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा के खिलाफ पहले भी विभिन्न जांच एजेंसियां कार्रवाई कर चुकी हैं। उनके खिलाफ आयकर विभाग और पंजाब विजिलेंस ब्यूरो की ओर से भी जांच की गई थी। मंत्री पद पर रहते हुए उन पर भ्रष्टाचार और कथित घोटालों से जुड़े कई आरोप लगे थे।
50 लाख रुपये की रिश्वत देने का भी आरोप
सुंदर शाम अरोड़ा से जुड़ा एक चर्चित मामला पंजाब विजिलेंस ब्यूरो के अधिकारी को कथित तौर पर 50 लाख रुपये की रिश्वत देने का है। इस मामले में विजिलेंस ब्यूरो ने उन्हें गिरफ्तार किया था। यह मामला अभी अदालत में विचाराधीन है।


Comments
No comments yet.