जालंधर: कैंट पेरिफेरी रोड के लंबे समय से लंबित मुद्दे को लेकर पार्षद बलराज ठाकुर ने राम प्रकाश सहदेव और अजीत वालिया के साथ अटवाल हाउस से लेकर जसवंत नगर और गढ़ा तक प्रस्तावित कैंट पेरिफेरी रोड का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने जसवंत नगर और गढ़ा के लोगों से मुलाकात कर पेरिफेरी रोड का निर्माण न होने के कारण सामने आ रही समस्याओं के बारे में जानकारी ली।
लोगों ने बताई सड़क और सफाई से जुड़ी समस्याएं
दौरे के दौरान स्थानीय लोगों ने बताया कि कैंट पेरिफेरी का मुद्दा काफी लंबे समय से लंबित है। जसवंत नगर के निवासियों ने बताया कि उनके घरों के सामने बड़ी सीवर लाइन डाली गई है, जबकि घरों के आसपास आर्मी की ओर से बुर्जियां लगाई गई हैं। लोगों के अनुसार, कई बार यहां दीवार बनाने का प्रयास भी किया गया, लेकिन स्थानीय निवासियों के विरोध के कारण यह काम आगे नहीं बढ़ सका।
स्थानीय लोगों ने कहा कि उनके घरों के बाहर आज भी कच्ची जमीन, झाड़ियां और गंदगी रहती है, जिसके कारण उन्हें रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
कुछ हिस्सों में कच्ची सड़क, कई जगह रास्ता बंद
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, अटवाल हाउस कॉलोनी के पीछे प्रस्तावित कैंट पेरिफेरी की कुछ जगहों पर कच्ची सड़क मौजूद है, जिसका स्थानीय लोग आवागमन के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं। हालांकि, कुछ हिस्सों में यह रास्ता बंद हो जाता है।
वहीं, बीएसएफ चौक से फोलड़ीवाल डिस्पोजल तक जाने वाली बड़ी सीवर लाइन भी प्रस्तावित पेरिफेरी के रास्ते में आती है। नगर निगम की ओर से अटवाल हाउस कॉलोनी से पंजाबी बाग तक प्रस्तावित पेरिफेरी के हिस्से में सीवर लाइन डाली गई है।
10 मीटर चौड़ी सड़क बनाने को लेकर बनी थी सहमति
कैंट पेरिफेरी का मुद्दा लंबे समय से लंबित होने के कारण नगर निगम इस मामले में नोडल अधिकारी के तौर पर काम कर रहा है। प्रेस नोट के अनुसार, आर्मी और सिविल अथॉरिटी के बीच हुई कई बैठकों के बाद 10 मीटर चौड़ी सड़क के लिए आर्मी की ओर से अपनी जमीन देने और उसके बदले पंजाब सरकार की ओर से फंड या जमीन उपलब्ध कराने को लेकर सहमति बनी थी।
स्थानीय लोगों ने पार्षद के सामने रखी अपनी बात
दौरे के दौरान जसवंत नगर और गढ़ा के राज कुमार मेहता, प्रितपाल मरवाहा, अजय कुमार, सतनारायण, नरेंद्र कुमार, शांति देवी, यश और दीपू सहित अन्य लोगों ने कैंट पेरिफेरी से जुड़ी समस्याओं और क्षेत्र में इसके न बनने के कारण पैदा हो रही परेशानियों के बारे में पार्षद बलराज ठाकुर से चर्चा की।





Comments
No comments yet.