अमृतसर में पुलिस चौकी से 50 कदम दूर युवक की गोली मारकर हत्या, एक्टिवा सवारों ने बरसाईं गोलियां
अमृतसर में पुलिस चौकी से महज करीब 50 कदम की दूरी पर 25 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना वीरवार रात करीब 10:50 बजे की बताई जा रही है। एक्टिवा सवार दो युवकों ने साहिल गिल पर कई राउंड फायर किए। इस दौरान एक गोली उसके सीने के पास लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत अमनदीप अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
एक्टिवा सवार दो युवकों ने किया हमला
चश्मदीदों के मुताबिक, साहिल गिल पर हमला करने के लिए दो युवक एक्टिवा पर पहुंचे थे। दोनों ने उस पर कई राउंड फायरिंग की। गोली लगने के बाद साहिल जमीन पर गिर गया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी एक्टिवा पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।
सब्जी लेने के लिए घर से निकला था साहिल
मृतक के पिता मुख्तियार सिंह ने बताया कि साहिल घर से सब्जी लेने के लिए निकला था। करीब 10 मिनट बाद मोहल्ले के कुछ लोग घर पहुंचे और परिवार को बताया कि साहिल को गोली मार दी गई है। परिजन तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। उस समय साहिल घायल अवस्था में पड़ा था। परिवार ने उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।
दो साल पहले हुई थी शादी, एक साल का बच्चा
साहिल गिल जोमैटो में डिलीवरी का काम करता था। परिवार के मुताबिक, करीब दो साल पहले उसकी शादी हुई थी और उसका एक साल का बच्चा भी है। अचानक हुई इस वारदात के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
घर और पुलिस चौकी के बेहद करीब हुई वारदात
पुलिस के मुताबिक, फायरिंग की घटना साहिल के घर से करीब 40 कदम की दूरी पर हुई। वहीं, घटनास्थल कोट खालसा पुलिस चौकी से भी महज करीब 50 कदम दूर बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच की जा रही है और जल्द ही उन्हें पकड़ने का कोशिश की जाएगी।





Comments
No comments yet.