Wed, 22 Jul 2026

बलराज ठाकुर को मिली बड़ी जिम्मेदारी, कांग्रेस ने बनाया होशियारपुर का SIR को-ऑर्डिनेटर

पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PPCC) ने संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावी तैयारियों को गति देने के लिए महत्वपूर्ण नियुक्ति की है। पार्टी हाईकमान ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता बलराज ठाकुर को होशियारपुर जिले का SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) को-ऑर्डिनेटर नियुक्त किया है। यह नियुक्ति पंजाब मामलों के इंचार्ज एवं महासचिव भूपेश बघेल और पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के दिशा-निर्देशों पर की गई है।

SIR अभियान की जिम्मेदारी संभालेंगे बलराज ठाकुर

जारी किए गए आधिकारिक पत्र के अनुसार, भारत निर्वाचन आयोग द्वारा पंजाब में शुरू किए जा रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) अभियान को सफलतापूर्वक लागू करने के लिए बलराज ठाकुर को यह अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह नियुक्ति पत्र कांग्रेस के महासचिव (संगठन इंचार्ज) कैप्टन संदीप सिंह संधू द्वारा जारी किया गया है।

बूथ कमेटियों के गठन से लेकर ट्रेनिंग तक की होगी निगरानी

नई जिम्मेदारी के तहत बलराज ठाकुर जिले में मंडल और बूथ कमेटियों के गठन, BLA-2 (बूथ लेवल एजेंट) की सूची तैयार करवाने तथा 5 जून से शुरू होने वाली BLA-2 प्रशिक्षण मुहिम के संचालन की निगरानी करेंगे। वे यह कार्य वरिष्ठ कांग्रेस नेता दलजीत सिंह गिलजियां के साथ मिलकर करेंगे, ताकि संगठनात्मक ढांचे को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।

वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं से तालमेल बनाने के निर्देश

कांग्रेस नेतृत्व ने जिला स्तर पर बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया है। इसके तहत चुनाव लड़ चुके उम्मीदवारों, वरिष्ठ नेताओं, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के प्रधानों, BLA-1 और अन्य पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ तालमेल बनाकर SIR अभियान को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा। पार्टी हाईकमान ने विश्वास जताया है कि सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं के सहयोग से होशियारपुर में यह अभियान सफलतापूर्वक संपन्न होगा।


410

Share News

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 181418