Sun, 06 Sep 2026
Post Details

पंजाब में फिल्मी अंदाज में PRTC की बस चोरी, 7-8 चोर 2 घंटे करते रहे रेकी; स्कूटी ने किया एस्कॉर्ट

लुधियाना में चोरों ने चोरी की ऐसी वारदात को अंजाम दिया है, जो किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं लगती। बस स्टैंड डिपो के ठीक सामने स्थित पार्किंग से चोर PRTC की एक हाईटेक टॉप मॉडल बस ही चोरी कर ले गए। हैरानी की बात यह रही कि चोरों ने बस को चोरी करने के बाद करीब 21 किलोमीटर दूर ले जाकर उसके टायर, बैटरियां और अन्य कीमती सामान निकाल लिया। बाद में बस ईंटों के सहारे खड़ी मिली।

दो घंटे तक करते रहे रेकी

बस के ड्राइवर के मुताबिक, पूरी वारदात पार्किंग में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि 28 अगस्त की रात करीब 12:30 बजे एक बोलेरो पिकअप पार्किंग के पास आकर रुकती है। इसमें करीब 7 से 8 लोग सवार थे।

बताया जा रहा है कि आरोपी करीब दो घंटे तक मौके पर ही बैठे रहे और पार्किंग तथा आसपास के इलाके की रेकी करते रहे। रात करीब 2:20 बजे जब सड़कें सुनसान हो गईं तो आरोपियों ने अपना प्लान अंजाम देना शुरू किया।

गेट से बिना रोक-टोक निकाल ले गए बस

आरोपियों ने बड़ी आसानी से बस को पार्किंग से बाहर निकाल लिया। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि बस को बाहर ले जाते समय गेट पर न तो कोई एंट्री दर्ज हुई और न ही किसी ने उन्हें रोकने की कोशिश की।

इसके बाद जगराओं पुल के पास एक ऑटो और स्कूटी बस के साथ जुड़ गए। सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, स्कूटी सवार बस के आगे-आगे बैक करते हुए चल रहा था, जबकि बस उसके पीछे निकल गई। इस तरह आरोपी बस को शहर से बाहर ले जाने में कामयाब रहे।

हाईटेक बस को बिना चाबी किया स्टार्ट

जिस बस को चोरों ने निशाना बनाया, वह BS-VI (Phase 2-6) की टॉप मॉडल बस बताई जा रही है। बस का सिस्टम काफी आधुनिक है और सामान्य तौर पर बिना चाबी इसे स्टार्ट करना आसान नहीं होता।

बस ड्राइवर के अनुसार, आरोपियों ने स्टार्टिंग स्विच की तारें तोड़कर बस को डायरेक्ट स्टार्ट किया। इससे आशंका जताई जा रही है कि वारदात में शामिल लोगों को बस के सिस्टम और वायरिंग की तकनीकी जानकारी थी।

सुबह ड्राइवर ने देखा तो उड़ गए होश

अगली सुबह करीब 7:30 बजे जब बस का ड्राइवर ड्यूटी पर पहुंचा तो पार्किंग से बस गायब देखकर उसके होश उड़ गए। इसके बाद तुरंत बस की तलाश शुरू की गई।

कई घंटे की तलाश के बाद पता चला कि बस चौकीमान टोल प्लाजा से करीब दो किलोमीटर पीछे ढट्ट गांव के पास खड़ी है। वहां पहुंचने पर पता चला कि चोर बस के टायर, बैटरियां और अन्य कीमती सामान निकाल चुके थे। फिलहाल इस पूरी वारदात ने पार्किंग की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 215805

Share this Post