Sun, 06 Sep 2026
Post Details

परमीश वर्मा और गीत ग्रेवाल का हुआ तलाक, पहली बार सिंगर ने तोड़ी चुप्पी

पंजाबी सिंगर और एक्टर परमीश वर्मा ने आखिरकार अपनी शादी और तलाक को लेकर चल रही चर्चाओं पर चुप्पी तोड़ दी है। परमीश वर्मा ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर कर पत्नी गीत ग्रेवाल से तलाक की पुष्टि की है। अपने बयान में उन्होंने एक्स-वाइफ और अपनी जिंदगी में मौजूद महिला के सम्मान को ही असली मर्दानगी बताया।

2021 में हुई थी दोनों की शादी

परमीश वर्मा की पत्नी गीत ग्रेवाल कनाडाई राजनीतिज्ञ और वकील हैं। उन्होंने कनाडा में चुनाव भी लड़ा था। दोनों ने 21 अक्टूबर 2021 को कनाडा में शादी की थी। शादी के बाद भारत में भी दोनों ने ग्रैंड रिसेप्शन पार्टी आयोजित की थी। दोनों की एक बेटी भी है।

हालांकि, पिछले करीब एक साल से दोनों के अलग होने की चर्चाएं सामने आ रही थीं। जनवरी 2026 में दोनों के अलग होने से जुड़ा कथित दस्तावेज भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। उस समय परमीश वर्मा और गीत ग्रेवाल की ओर से इस मामले पर कोई सार्वजनिक बयान नहीं दिया गया था। अब परमीश के बयान के बाद उनके तलाक की पुष्टि हो गई है।

‘एक पुरुष होना आपको आसान मनोवैज्ञानिक बलि का बकरा बना देता है’

परमीश वर्मा ने अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा कि पुरुष होने के कारण किसी भी विवाद में जेंडर को दोष देना और पूरी कहानी को आसान बनाना लोगों के लिए सुविधाजनक हो सकता है। उन्होंने कहा कि वह इस मनोविज्ञान को समझते हैं और बिना किसी नाराजगी के इस बोझ को स्वीकार करते हैं।

उन्होंने आगे कहा कि जब वह मुश्किल दौर से गुजर रहे थे, तब उन्हें बचाने कोई नहीं आया। उन्होंने अपने फैसलों के परिणाम खुद झेले, अपना दर्द खुद सहा और दोबारा खड़ा होना सीखा। उनके मुताबिक, यह भी पुरुष होने का एक हिस्सा है।

‘पूर्व पत्नी और जिंदगी में मौजूद महिला का सम्मान जरूरी’

परमीश ने अपने बयान में कहा कि अपनी पूर्व पत्नी का सम्मान करना, आज उनकी जिंदगी में मौजूद महिला का सम्मान करना और कड़वाहट को मर्दानगी समझने की गलती न करना भी जरूरी है।

उन्होंने कहा कि कमजोरी को सद्गुण के रूप में पेश करना, भीड़ का हिस्सा बनना, ध्यान और पैसे के लिए किसी एजेंडे को बढ़ावा देना और कायरता को नैतिकता कहना मर्दानगी नहीं है।

परमीश वर्मा ने अंत में कहा कि वह जानते हैं कि वह क्या हैं और भीड़ के साथ चलने पर मिलने वाली तालियों के बजाय सही तरीके से खड़े रहने के लिए नफरत झेलना पसंद करेंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें उस इंसान पर गर्व है, जो वह आज बन चुके हैं।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 216323

Share this Post