15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, 52 गेंदों में डबल सेंचुरी ठोक बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच गठबंधन की बातचीत जारी है, लेकिन सीटों के बंटवारे पर दोनों दलों के बीच सहमति बनती नजर नहीं आ रही। सपा प्रमुख अखिलेश यादव कांग्रेस को 403 विधानसभा सीटों में से केवल 26 सीटें देने के पक्ष में हैं, जबकि कांग्रेस की ओर से 125 सीटों की मांग रखी जा रही है। दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर यह अंतर गठबंधन की राह में बड़ी चुनौती बनता दिखाई दे रहा है।
दिल्ली में साढ़े तीन घंटे तक चली गठबंधन पर चर्चा
सीटों के बंटवारे को लेकर मंगलवार को दिल्ली में कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी के आवास पर सपा और कांग्रेस के नेताओं की अहम बैठक हुई। दोपहर 12:15 बजे शुरू हुई यह बैठक करीब 3 घंटे 15 मिनट तक चली। इसमें दोनों दलों के नेताओं ने संभावित सीटों और गठबंधन की शर्तों पर चर्चा की।
बैठक से पहले सपा महासचिव रामगोपाल यादव ने कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिए जाने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को उन सीटों के बारे में बता दिया गया है, जहां पार्टी अपने उम्मीदवार उतार सकती है। सपा सांसद राजीव राय ने भी इसी प्रस्ताव की पुष्टि करते हुए कहा कि 26 सीटों पर बातचीत की जाएगी और कांग्रेस को सीटों की सूची सौंप दी गई है।
26 सीटों के प्रस्ताव से कांग्रेस में नाराजगी
समाजवादी पार्टी के इस प्रस्ताव पर कांग्रेस की ओर से असंतोष सामने आया। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने साफ कहा कि उनकी पार्टी किसी से सीटों की भीख नहीं मांग रही है। उन्होंने 26 सीटों के प्रस्ताव को गठबंधन की भावना के अनुरूप नहीं बताया। कांग्रेस अब पहले जैसी स्थिति में नहीं है और पार्टी की राजनीतिक ताकत में बदलाव आया है। कांग्रेस 2022 वाली पार्टी नहीं रह गई है और गठबंधन में उसकी मौजूदा स्थिति को ध्यान में रखा जाना चाहिए।
अखिलेश यादव ने दिया तालमेल का संकेत
सीटों के बंटवारे पर जारी खींचतान के बीच सपा प्रमुख अखिलेश यादव का रुख कुछ नरम दिखाई दिया। लखनऊ में उन्होंने कहा कि गठबंधन का मुख्य उद्देश्य चुनाव जीतना है। इसके लिए समाजवादी पार्टी अपने सहयोगी दलों के लिए सीटें छोड़ने और आपसी तालमेल बनाने को तैयार है। अखिलेश यादव ने इसे बड़ी राजनीतिक लड़ाई बताते हुए कहा कि दोनों दलों का साझा लक्ष्य जीत हासिल करना है। उनके इस बयान को कांग्रेस के साथ बातचीत आगे बढ़ाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
दो दिन में गठबंधन पर लग सकती है मुहर
दिल्ली में हुई बैठक के बाद सपा महासचिव रामगोपाल यादव और यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने गठबंधन को लेकर सकारात्मक संकेत दिए। दोनों नेताओं ने कहा कि अगले दो दिनों में गठबंधन पर अंतिम फैसला हो सकता है। हालांकि, सीटों की संख्या को लेकर दोनों दलों के बीच मतभेद अभी बरकरार हैं। ऐसे में आने वाले दो दिन यह तय करने के लिहाज से अहम होंगे कि सपा और कांग्रेस सीटों के बंटवारे पर सहमति बना पाते हैं या नहीं।


Comments
No comments yet.