15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, 52 गेंदों में डबल सेंचुरी ठोक बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
उत्तर प्रदेश के कन्नौज में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। आगरा से पिकनिक मनाकर लौट रहे बच्चों से भरी स्कूल बस को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बस का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में 4 बच्चों की मौत हो गई, जबकि 25 अन्य घायल हो गए। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
बस में सवार थे 50 बच्चों समेत 60 लोग
जानकारी के मुताबिक, कौशांबी के ओरिएंटल पब्लिक स्कूल की बस में कुल 60 लोग सवार थे, जिनमें 50 बच्चे शामिल थे। सभी बच्चे आगरा और मथुरा में पिकनिक मनाने के बाद वापस कौशांबी लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि बस रविवार को पिकनिक के लिए रवाना हुई थी और सोमवार रात करीब 12 बजे आगरा से वापसी के लिए निकली थी।
मंगलवार सुबह करीब 6 बजे एक बच्चे को टॉयलेट कराने के लिए बस को एक्सप्रेसवे पर रोक दिया गया। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने खड़ी बस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस की कई सीटें उखड़ गईं और पीछे बैठे बच्चे सीटों के बीच फंस गए।
हादसे में 4 छात्रों की मौत, दो की हालत गंभीर
इस हादसे में जान गंवाने वाले चार बच्चों की पहचान कौशांबी निवासी आर्यन चौरसिया (14), रजीउल्लाह (16), फतेहपुर निवासी जैद मिर्जा (17) और अरमान (17) के रूप में हुई है। आर्यन और अरमान आठवीं कक्षा में पढ़ते थे, जबकि रजीउल्लाह और मोहम्मद जैद दसवीं के छात्र थे।
हादसे में घायल 25 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, स्कूल प्रबंधक सलमान और एक अन्य बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों को बेहतर इलाज के लिए कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर किया गया है।
पुलिस ने राहगीरों की मदद से चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
कन्नौज के एसपी विनोद कुमार ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बस कौशांबी के ओरिएंटल पब्लिक स्कूल की थी। बस रात 12 बजे आगरा से रवाना हुई थी। मंगलवार सुबह करीब 6 बजे बच्चों को टॉयलेट कराने के लिए एक्सप्रेसवे पर बस रोकी गई थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बस को टक्कर मार दी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने राहगीरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और बस में फंसे बच्चों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
घायल छात्र ने बताई हादसे की आंखों देखी
हादसे में घायल छात्र प्रिंस प्रजापति ने बताया कि सभी बच्चे कौशांबी के रहने वाले हैं और आगरा में ताजमहल देखने के बाद वापस लौट रहे थे। उनके दोस्त नौशाद की तबीयत खराब थी, जिसके चलते बस को रोका गया था। इसी दौरान पीछे से आए ट्रक ने बस को टक्कर मार दी। छात्र ने आरोप लगाया कि ट्रक चालक ने शराब पी रखी थी। बच्चों का दल रविवार को पिकनिक के लिए निकला था और आगरा-मथुरा घूमने के बाद वापस अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया।


Comments
No comments yet.