14 नवंबर को इन्द्रा पार्क में होगा मां भगवती का जागरण, पार्षद बलराज ठाकुर करेंगे ज्योति प्रज्वलित
पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (POK) के गिलगित-बाल्टिस्तान से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक यात्री वाहन के अनियंत्रित होकर नदी में गिरने से कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस ने शुक्रवार को इस हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि यह दुर्घटना वीरवार शाम को उस समय हुई जब वाहन गिलगित से गिजर जिले की यासीन घाटी की ओर जा रहा था।
मोरकाह पुल के पास हुआ हादसा, नदी में समाई गाड़ी
पाकिस्तानी समाचार 'डॉन' की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने जानकारी दी है कि जब वाहन मोरकाह पुल के पास पहुंचा तो चालक उस पर से अपना नियंत्रण खो बैठा। नियंत्रण छूटने के कारण तेज रफ्तार वाहन सीधे यासीन नदी में जा गिरा। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और बचाव दल ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। शुरुआती बचाव कार्य के दौरान दो महिलाओं समेत 10 यात्रियों के शव पानी से बाहर निकाले गए, जबकि एक बच्चे समेत तीन घायलों को सुरक्षित बचा लिया गया। सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए गुपिस सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान घायल बच्चे ने भी दम तोड़ दिया। इसके साथ ही इस हादसे में मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर 11 हो गई है।
यासीन घाटी के रहने वाले थे सभी पीड़ित
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस दुर्घटना का शिकार हुए सभी मृतक और घायल लोग POK की यासीन घाटी के ही स्थानीय निवासी थे। इस दुखद घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के असल कारणों का पता लगाने के लिए गहन जांच की जा रही है।
क्षेत्र में लगातार हो रहे हैं सड़क हादसे
गौरतलब है कि पहाड़ी और संकरे रास्तों वाले इस क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाएं आम हो गई हैं। 'डॉन' की रिपोर्ट के अनुसार, इससे ठीक एक हफ्ते पहले भी गिलगित से इस्लामाबाद जा रही एक यात्री बस हजारा मोटरवे पर हवेलियन इंटरचेंज के पास एक डंपर ट्रक से टकरा गई थी। उस भीषण हादसे में भी 8 लोगों की जान चली गई थी और 30 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे।


Comments
No comments yet.