जालंधर में ट्रक चालक की बड़ी लापरवाही! बुजुर्ग की चली गई जान
जालंधर के व्यस्तम वर्कशॉप चौक पर शनिवार सुबह एक बेहद दुखद सड़क हादसा सामने आया है। अपने काम पर जा रहे एक साइकिल सवार बुजुर्ग को तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि बुजुर्ग ट्रक के पहियों के नीचे आ गए और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के तुरंत बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया।
काम पर जाते समय हुआ भीषण हादसा
जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग रोजाना की तरह सुबह अपनी साइकिल से काम पर जा रहे थे। जैसे ही वे वर्कशॉप चौक के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद चौराहे पर हड़कंप मच गया और कुछ देर के लिए यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
इमरजैंसी सेवाओं में देरी से लोगों का गुस्सा फूटा
वहीं राहगीर रजिंदर बाबा ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद बुजुर्ग की सांसें चल रही थीं। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत 108 एम्बुलेंस के साथ-साथ पुलिस हेल्पलाइन नंबर 100 और 112 पर कई बार कॉल किया। आरोप है कि आपातकालीन सेवाओं के समय पर न पहुंचने के कारण बुजुर्ग को समय पर इलाज नहीं मिल सका। इस देरी को लेकर स्थानीय निवासियों और राहगीरों में भारी रोष देखा गया।
मृतक की पहचान की कोशिशें जारी
घटनास्थल से मृतक बुजुर्ग का कोई मोबाइल फोन या पहचान पत्र बरामद नहीं हुआ है, जिससे उनकी शिनाख्त तुरंत नहीं हो सकी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और पहचान के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।


Comments
No comments yet.