प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संवैधानिक पद पर जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के ऐतिहासिक अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा जालंधर में भव्य 'सेवा ज्योति यात्रा' और विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पार्टी की वरिष्ठ लीडरशिप और कार्यकर्ताओं की भारी मौजूदगी रही। कार्यक्रम में बोलते हुए भाजपा के पूर्व विधायक शीतल अंगुराल ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में बागडोर संभाली थी। पहले गुजरात और फिर पूरे देश ने उन पर अटूट भरोसा जताते हुए लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक 'विकसित भारत' के सपने को पूरा करने में पंजाब के भाजपा कार्यकर्ता अपनी अहम भूमिका निभाएंगे।
'रंगला पंजाब' नहीं, AAP सरकार ने बना दिया 'कंगला पंजाब'
भगवंत मान सरकार को आड़े हाथों लेते हुए शीतल अंगुराल ने सीधा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि जिस पंजाब को कभी 'रंगला पंजाब' कहा जाता था, उसे आम आदमी पार्टी (AAP) की सरकार ने नशे, बढ़ते अपराध, भ्रष्टाचार और भारी कर्ज के दलदल में धकेलकर 'कंगला पंजाब' बना दिया है। अंगुराल ने कहा कि आज राज्य में व्यापारी वर्ग फिरौती के खौफ में जी रहा है, आए दिन सरपंचों और आम नागरिकों को निशाना बनाया जा रहा है तथा असुरक्षा के माहौल के कारण लोग पंजाब से पलायन करने को मजबूर हैं।
'युद्ध नशे के विरुद्ध': माताओं के बहते आंसुओं का हिसाब माँगेगी BJP
नशे की गंभीर समस्या पर सरकार के दावों की पोल खोलते हुए शीतल अंगुराल ने कहा कि भाजपा बहुत जल्द पंजाब में 'युद्ध नशे के विरुद्ध' अभियान की शुरुआत करेगी। उन्होंने कहा कि नशे के कारण जिन माताओं ने अपने नौजवान बेटों को खोया है, भाजपा उनकी बुलंद आवाज बनकर सड़कों पर उतरेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल कागजी दावे कर रही है, जबकि जमीनी हकीकत में नशा लगातार जिंदगियां लील रहा है।
"CBI जांच तो बस ट्रेलर है, अभी असली फिल्म बाकी है"
पंजाब में हालिया सीबीआई और ईडी की कार्रवाइयों का जिक्र करते हुए पूर्व विधायक ने कहा कि हाईकोर्ट के आदेशों के बाद शुरू हुई यह जांच तो महज एक 'ट्रेलर' है, पूरी फिल्म आना अभी बाकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि ईडी की ओर से पंजाब पुलिस को तीन बार नोटिस जारी किए गए, लेकिन पंजाब पुलिस सरकार की कठपुतली बनकर काम करती रही। अंगुराल ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि जिन अधिकारियों और नेताओं ने नियमों को ताक पर रखकर भ्रष्टाचार किया या पसंदीदा लोगों को फायदा पहुंचाया, वे चाहे कितने भी बड़े पद पर क्यों न हों, उन्हें जवाबदेही से बख्शा नहीं जाएगा।
सत्ता परिवर्तन और पंजाब को दोबारा खुशहाल बनाने का संकल्प
अपने संबोधन के अंत में शीतल अंगुराल ने कहा कि भगवंत मान सरकार में तबादलों और नियुक्तियों के नाम पर जमकर धांधली हुई है और आरोपियों को क्लीन चिट दी गई, जिस पर मुख्यमंत्री को स्पष्टीकरण देना चाहिए। उन्होंने जनता को भरोसा दिलाया कि भाजपा भ्रष्टाचार और नशे के खिलाफ अपनी जंग जारी रखेगी और आने वाले समय में जनता का विश्वास जीतकर पंजाब में सत्ता परिवर्तन के जरिए इसे फिर से असली मायने में विकसित और 'रंगला पंजाब' बनाएगी।





Comments
No comments yet.