आगामी त्योहारों के सीजन से ठीक पहले आम उपभोक्ताओं की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ गया है। निजी क्षेत्र की प्रमुख तेल विपणन कंपनी नायरा एनर्जी (Nayara Energy) ने पेट्रोल और डीजल की रिटेल कीमतों में बढ़ोतरी की घोषणा की है। कंपनी ने पेट्रोल के दाम में ₹5 प्रति लीटर और डीजल के दाम में ₹3 प्रति लीटर का इजाफा किया है। नई दरें शनिवार सुबह से ही प्रभावी हो गई हैं।
भोपाल में पेट्रोल ₹119.54 और डीजल ₹103.64 के पार
मूल्य वृद्धि के लागू होने के बाद मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में नायरा एनर्जी के पंपों पर पेट्रोल की कीमत बढ़कर ₹119.54 प्रति लीटर और डीजल की कीमत ₹103.64 प्रति लीटर हो गई है। कंपनी के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतों में आई तेजी और परिचालन लागत तथा बिक्री दर के बीच बढ़ते अंतर को संतुलित करने के लिए यह निर्णय लिया गया है।
इस वर्ष क्रूड के उतार-चढ़ाव के साथ पहले भी बदले हैं दाम
यह पहला मौका नहीं है जब वैश्विक परिस्थितियों के कारण दरों में बदलाव किया गया हो। इससे पहले 26 मार्च को ईरान संकट के कारण जब वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति बाधित हुई थी, तब कंपनी ने पेट्रोल ₹5 और डीजल ₹3 प्रति लीटर महंगा किया था। 1 जुलाई को पश्चिम एशिया में तनाव कम होने और अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड के दाम घटने पर कंपनी ने राहत देते हुए पेट्रोल ₹5 और डीजल ₹3 प्रति लीटर सस्ता कर दिया था।
सरकारी कंपनियों के दामों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं
राहत की बात यह है कि देश की सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOCL), भारत पेट्रोलियम (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) ने अपनी दरों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया है। इसके अलावा, निजी क्षेत्र की जियो-बीपी (Jio-BP) ने भी पेट्रोल और डीजल की पुरानी कीमतें ही बरकरार रखी हैं।





Comments
No comments yet.