फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में हुए हिंसक प्रदर्शन के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने मुंबई से दो छात्रों को गिरफ्तार किया है, जिन पर पुलिस की गाड़ियों में आग लगाने में शामिल होने का आरोप है। दोनों आरोपियों को फ्लाइट के जरिए जालंधर लाया जा रहा है। इसके बाद उन्हें फगवाड़ा कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड लेने की तैयारी है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों से पूछताछ के दौरान यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि मौके पर पेट्रोल कौन लेकर आया था और छात्रों को पथराव तथा वाहनों में आग लगाने के लिए किसने उकसाया था।
कृष्ण कुमार और छात्र भविष्य गिरफ्तार
पुलिस ने मुंबई से कृष्ण कुमार और छात्र भविष्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि दोनों को इस बात की जानकारी थी कि घटनास्थल पर पेट्रोल कौन लेकर आया था। जांच एजेंसियों के मुताबिक, हिंसा के बाद दोनों ने जलती हुई पुलिस की गाड़ियों के वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किए थे। इन वीडियो के साथ कथित तौर पर 'हमें इंसाफ मिल गया है' जैसी बात लिखी गई थी। हालांकि, पुलिस ने अभी दोनों आरोपियों की तस्वीरें सार्वजनिक नहीं की हैं।
कोर्ट में पेश कर रिमांड लेने की तैयारी
मुंबई से गिरफ्तार दोनों आरोपियों को पुलिस फ्लाइट के जरिए जालंधर लेकर आ रही है। इसके बाद उन्हें फगवाड़ा की अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस आरोपियों का रिमांड लेकर उनसे पूछताछ करना चाहती है। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि पुलिस वाहनों को आग लगाने के लिए पेट्रोल की व्यवस्था किसने की थी और हिंसा के दौरान भीड़ को किस तरह उकसाया गया।
जेम्स दहिया का गिरफ्तारी से पहले वीडियो
पुलिस जांच के बीच आरोपी बताए जा रहे सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर जेम्स दहिया का गिरफ्तारी से पहले का एक वीडियो भी सामने आया है। अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर शेयर किए गए वीडियो में जेम्स ने दावा किया था कि हिंसा के दौरान वह पास के पेट्रोल पंप से पेट्रोल डलवाकर जा रहा था। जेम्स के मुताबिक, पुलिस ने उसे रोककर वीडियो बनाने की बात कही और मोबाइल फोन देने को कहा, लेकिन उसने फोन नहीं दिया। इसके बाद पुलिस ने उसे छोड़ दिया।
वीडियो में जेम्स ने यह भी कहा था कि उसने जो कुछ किया, वह निस्वार्थ भाव से किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने कथित तौर पर यह भी माना कि लाठीचार्ज के बाद वह जोश में आ गया था और इसी दौरान पुलिस की गाड़ी पलटने की घटना में शामिल हुआ।
फरहत देव की तलाश में जम्मू-कश्मीर पहुंची पुलिस
पुलिस अब सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मोहम्मद फरहत देव की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी कर रही है। पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ पहुंची है। पुलिस की जांच के अनुसार, सोशल मीडिया के जरिए माहौल को प्रभावित करने और हिंसा के दौरान छात्रों को उकसाने में फरहत की कथित भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस उसके खिलाफ उपलब्ध डिजिटल और अन्य सबूतों को भी खंगाल रही है।
साहिल और अंतरिक्ष से पूछताछ में सामने आया ग्रुप कनेक्शन
पुलिस पहले जम्मू-कश्मीर से साहिल और अंतरिक्ष को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे फरहत से जुड़े एक ग्रुप का हिस्सा थे। पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि फरहत ने उन्हें तोड़फोड़ के लिए उकसाया था। इसके बाद वे भीड़ के साथ हिंसा में शामिल हो गए।





Comments
No comments yet.