Fri, 04 Sep 2026
Post Details

मोहाली में ASI ओंकार सिंह की मौत, पुलिस बोली- राइफल गिरने से चली गोली; परिवार को संदेह

मोहाली के सेक्टर-80 में वीरवार को एक ASI की गोली लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान ASI ओंकार सिंह के रूप में हुई है। वह रिटायर्ड DGP अर्पित शुक्ला के गनमैन के तौर पर तैनात थे। पुलिस ने शुरुआती जांच में इसे एक्सीडेंटल फायरिंग का मामला बताया है। हालांकि, मृतक के परिवार ने घटना को लेकर कई सवाल खड़े किए हैं।

छुट्टी न मिलने से परेशान होने का परिवार का दावा
ASI ओंकार सिंह की पत्नी के मुताबिक, वह पिछले काफी समय से छुट्टी नहीं मिलने के कारण परेशान चल रहे थे। परिवार के अनुसार, वीरवार को ओंकार सिंह छुट्टी पर थे, लेकिन अचानक उन्हें फोन आया और वह ड्यूटी के लिए चले गए। सुबह परिवार को फोन आया कि ओंकार सिंह खड़े-खड़े अचानक गिर गए हैं और इसी दौरान गोली चलने की बात सामने आई। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर गिरने के दौरान गलती से गोली चली होती तो एक गोली लगने की बात समझ में आती है, लेकिन 4-5 गोलियां लगने की बात कैसे हो सकती है।

बेटे ने भी उठाए फायरिंग को लेकर सवाल
ओंकार सिंह के बेटे यादविंदर सिंह ने बताया कि उन्होंने अपने पिता का शव देखा है और घटना से जुड़ा वीडियो भी देखा है। उनके मुताबिक, वीडियो में दिखाई दे रहा है कि बंदूक नीचे गिरने के बाद कई फायर हुए। वीडियो में करीब 7 से 8 फायर होने की बात सामने आ रही है। उन्होंने यह भी कहा कि उनके पिता की छाती पर भी गोलियां लगने के निशान दिखाई दे रहे हैं। इसी वजह से परिवार पुलिस की ओर से बताए जा रहे एक्सीडेंटल फायरिंग के कारण को लेकर सवाल उठा रहा है।

पुलिस ने बताया एक्सीडेंटल डेथ का मामला
मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी सिमरजीत सिंह शेगरिल ने बताया कि ASI ओंकार सिंह की मौत अचानक गोली चलने से हुई है। पुलिस के मुताबिक, वह एक वरिष्ठ अधिकारी के साथ संतरी के तौर पर ड्यूटी करते थे। ड्यूटी के दौरान राइफल नीचे गिर गई, जिसके चलते अचानक गोली चल गई और ASI ओंकार सिंह की मौत हो गई। पुलिस ने फिलहाल इसे एक्सीडेंटल डेथ का मामला बताया है।

परिवार के सवालों पर पुलिस ने क्या कहा
जब पुलिस अधिकारी से परिवार की ओर से उठाए जा रहे सवालों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि परिवार ने शव देख लिया है और अब उन्हें तसल्ली है। हालांकि, परिवार की ओर से गोलियों की संख्या और घटना के तरीके को लेकर सवाल उठाए गए हैं। मामले में पुलिस की जांच के बाद ही मौत की परिस्थितियों को लेकर तस्वीर पूरी तरह साफ हो सकेगी।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 215259

Share this Post