अमृतसर में मामूली विवाद के बाद 27 वर्षीय युवक की उसके घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान अमित के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, हमलावरों ने उस पर करीब 6 गोलियां चलाईं, जिनमें से 4 गोलियां सिर और पेट में लगीं। गंभीर रूप से घायल अमित ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
घटना शुक्रवार देर रात की बताई जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, विवाद घर के बाहर गली में खड़ी एक्टिवा को हटाने को लेकर शुरू हुआ था। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी और आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
घर के बाहर खड़ी एक्टिवा हटाने को लेकर हुआ विवाद
अमित के परिजनों ने बताया कि उसने अपनी एक्टिवा घर के बाहर गली में खड़ी की हुई थी। इसी दौरान दूसरे पक्ष के कुछ लोग वहां पहुंचे और उससे वाहन हटाने को कहा, क्योंकि उन्हें वहां से अपनी गाड़ी निकालनी थी। अमित ने उन्हें आश्वासन दिया कि वह तुरंत एक्टिवा हटा देगा। इसके बाद वह वाहन हटाने के लिए बाहर चला गया। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और कुछ देर बाद गोली चलने की आवाज सुनाई दी।
घर के अंदर सुनाई दी पटाखे जैसी आवाज
परिवार के सदस्यों ने बताया कि वे घर के अंदर थे, तभी उन्हें बाहर से पटाखे फूटने जैसी आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर वे तुरंत बाहर पहुंचे तो अमित गोली लगने के बाद गंभीर हालत में तड़प रहा था। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। परिवार का कहना है कि उन्हें समझ नहीं आया कि एक्टिवा हटाने जैसी मामूली बात पर गोली क्यों चलाई गई।
एक ही मोहल्ले के रहने वाले हैं मृतक और आरोपी
परिजनों के अनुसार, अमित और आरोपी एक ही मोहल्ले में रहते हैं। उन्होंने दावा किया कि आरोपियों में तीन सगे भाई भी शामिल हैं। हालांकि, वारदात के पीछे की पूरी वजह और घटनाक्रम की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की जा रही है। मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।





Comments
No comments yet.