Fri, 04 Sep 2026
Post Details

155 यात्री थे सवार, अचानक बजा धुएं का अलार्म; लखनऊ एयरपोर्ट पर करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग

वाराणसी से दिल्ली जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट की गुरुवार सुबह लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। सूत्रों के मुताबिक, उड़ान भरने के कुछ देर बाद विमान के कार्गो में स्मोक डिटेक्शन का अलार्म बज गया। इसके बाद पायलट ने तुरंत लखनऊ एयरपोर्ट के एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क किया और इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी।

ATC की अनुमति मिलते ही लखनऊ में उतारा विमान
ATC से अनुमति मिलने के बाद विमान को लखनऊ एयरपोर्ट पर उतारा गया। विमान के लैंड करते ही एयरपोर्ट की रिस्पॉन्स टीम सक्रिय हो गई। फायर ब्रिगेड और टेक्निकल एक्सपर्ट की टीम भी मौके पर पहुंची और विमान की जांच शुरू की गई। एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX 1253 ने गुरुवार सुबह करीब 8 बजे वाराणसी एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी।

उड़ान के कुछ ही समय बाद कार्गो में स्मोक डिटेक्शन सिस्टम का अलार्म बजने लगा। इसके बाद पायलट ने सुबह करीब 8:52 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर विमान की लैंडिंग कराई।

155 यात्रियों और क्रू को विमान से उतारा गया
लखनऊ एयरपोर्ट पर विमान उतरने के बाद सुबह करीब 9:02 बजे उसमें सवार 155 यात्रियों और क्रू सदस्यों को सुरक्षित बाहर उतार लिया गया। इसके बाद विमान को एयरपोर्ट के स्टैंड पर पार्क कर दिया गया और तकनीकी टीम ने उसकी विस्तृत जांच की।

जांच में नहीं मिला धुएं का कोई संकेत
शुरुआती जांच के दौरान विमान में धुएं या आग का कोई संकेत नहीं मिला। इसके बाद टेक्निकल टीम इस बात की जांच कर रही है कि जब विमान में धुआं नहीं था तो स्मोक डिटेक्शन सिस्टम का अलार्म क्यों बजा। फिलहाल यात्रियों को दूसरे विमान के जरिए दिल्ली भेजने की तैयारी की जा रही है। घटना के बाद एयरपोर्ट पर सुरक्षा और तकनीकी टीमों ने स्थिति को संभाल लिया।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 215259

Share this Post