Fri, 04 Sep 2026
Post Details

लुधियाना में बाप-बेटे को मारी गोली, पिता की हालत गंभीर; शरीर में फंसी है गोली

लुधियाना में बाप-बेटे पर गोली चलाने का मामला सामने आया है। फायरिंग में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। बताया जा रहा है कि पिता की हालत गंभीर बनी हुई है, क्योंकि गोली उनके पैर में ही फंसी हुई है। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

कुत्ते को लेकर शुरू हुआ था विवाद
अस्पताल में भर्ती 22 वर्षीय वंश ने बताया कि उसके पिता प्रिंस का जन्मदिन था। उसकी बहन केक लेने के लिए सिविल सिटी इलाके में गई थी। इसी दौरान वहां एक युवक अपने कुत्ते को घुमा रहा था। वंश के मुताबिक, उसकी बहन ने युवक से सिर्फ इतना पूछा था कि क्या कुत्ता काटता तो नहीं है।

वंश का आरोप है कि इसी बात को लेकर युवक भड़क गया और उसकी बहन के साथ बदतमीजी करने लगा। इसके बाद बहन ने फोन करके अपने भाई और पिता को मौके पर बुला लिया।

समझाने पहुंचे तो घर से बंदूक लेकर आया युवक
वंश के मुताबिक, जब वह और उसके पिता मौके पर पहुंचे और युवक से बहन के साथ बदतमीजी करने का कारण पूछा तो वह बहस करने लगा। इसके बाद युवक वहां से दौड़कर अपने घर गया और बंदूक लेकर वापस आया। आरोपी ने आते ही पहले आसमान की तरफ दो हवाई फायर किए और फिर उन पर गोलियां चला दीं।

कुल 6 राउंड फायरिंग का आरोप
वंश ने बताया कि आरोपी ने कुल छह राउंड फायर किए। इनमें से कुछ गोलियां सीधे उन्हें और उनके पिता को निशाना बनाकर चलाई गईं। फायरिंग में पिता-पुत्र दोनों के बाएं पैर में गोली लगी। उसके पैर से गोली आर-पार हो गई, जबकि हमले के दौरान उसकी बाजू में भी गंभीर चोट आई और वहां नौ टांके लगाने पड़े। वहीं, उसके पिता प्रिंस की हालत गंभीर बताई जा रही है, क्योंकि गोली अभी भी उनके पैर में फंसी हुई है।

पुलिस बोली- गोली चलने की जानकारी नहीं
मामले को लेकर पुलिस का बयान भी सामने आया है। हैबोवाल थाने के SHO जसबीर सिंह ने कहा कि मामला उनके ध्यान में आया है, लेकिन अभी तक गोली चलने की कोई जानकारी सामने नहीं आई है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 215259

Share this Post