पंजाब में मौसम लेगा करवट, अगले 4 दिन बारिश के आसार; कई जिलों में येलो अलर्ट जारी
जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी गैंग से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रदीप सिंह, भरत वर्मा और सचिन खोसला के रूप में हुई है। पुलिस का आरोप है कि तीनों शहजाद भट्टी और हरमाज गुज्जर के संपर्क में रहकर संवेदनशील सूचनाएं पाकिस्तान तक पहुंचाने का काम कर रहे थे।
सरकारी विभागों की जानकारी लीक करने का आरोप
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि आरोपी न केवल पंजाब बल्कि अन्य राज्यों में जाकर भी सरकारी विभागों से जुड़ी गतिविधियों और महत्वपूर्ण जानकारियां इकट्ठा कर पाकिस्तान भेजते थे। मामले में पुलिस को इलेक्ट्रॉनिक और अन्य अहम सबूत मिले हैं, जिसके आधार पर आरोपियों के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
3-4 महीने से थे सक्रिय, पूछताछ जारी
जांच में सामने आया है कि आरोपी पिछले तीन से चार महीनों से एक्टिव थे और जालंधर सहित अन्य राज्यों से भी संवेदनशील जानकारियां साझा कर चुके हैं। पुलिस के अनुसार तीनों आपस में अच्छे दोस्त हैं और उनसे पूछताछ के दौरान कई और अहम खुलासे होने की संभावना है। भरत वर्मा के खिलाफ पहले से मारपीट का एक मामला भी दर्ज बताया गया है।
सोशल मीडिया के जरिए बने संपर्क
पुलिस के मुताबिक प्रदीप सिंह सबसे पहले सोशल मीडिया के माध्यम से शहजाद भट्टी के संपर्क में आया था। इसके बाद उसने अपने अन्य साथियों को भी इस नेटवर्क से जोड़ा। आरोप है कि युवाओं को लालच देकर उनसे संवेदनशील सूचनाएं हासिल की जाती थीं और बदले में मोटी रकम दी जाती थी।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा मामला होने के कारण फिलहाल सभी दस्तावेज सार्वजनिक नहीं किए जा सकते। उन्होंने यह भी बताया कि हाल में हुए एक विस्फोट मामले में भी इन आरोपियों की भूमिका सामने आई है। पुलिस जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े तीन से चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है।
Comments
No comments yet.