पंजाब में मौसम लेगा करवट, अगले 4 दिन बारिश के आसार; कई जिलों में येलो अलर्ट जारी
पंजाब में भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, राज्य में अगले चार दिनों के दौरान मौसम का मिजाज बदलने वाला है। कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि तेज आंधी और आकाशीय बिजली को देखते हुए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
आज इन जिलों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर और एसएएस नगर (मोहाली) में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इन जिलों में तेज हवाएं चलने और बिजली चमकने की भी संभावना है, जिसके चलते लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
27 से 29 जून तक रहेगा बारिश का दौर
आईएमडी के अनुसार 27, 28 और 29 जून को भी पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर और एसएएस नगर (मोहाली) सहित कई इलाकों में बारिश जारी रह सकती है। वहीं 28 और 29 जून को कुछ जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
1 जुलाई तक बदला रहेगा मौसम
मौसम विभाग का अनुमान है कि बारिश का यह सिलसिला 1 जुलाई तक जारी रह सकता है। इस दौरान अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज होने की संभावना है, जिससे प्रदेशभर में गर्मी और उमस से लोगों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
Comments
No comments yet.