राहुल गांधी की सोच को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प, पंजाब के अधिकारों और हितों की बुलंद होगी आवाज ।
जालंधर, 28 नवंबर (सोनू) :: कांग्रेस नेता रविश राज द्वारा 28 नवंबर को “पंजाब नूं पंजाब चलाएगा” डिजिटल अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य पंजाब के अधिकारों, रोजगार, आर्थिक विकास, स्थानीय कारोबार और प्रदेश से जुड़े महत्वपूर्ण फैसलों में पंजाब के लोगों की भागीदारी के मुद्दों को प्रभावशाली ढंग से जनता के सामने उठाना है। अभियान का मूल संदेश है कि पंजाब के भविष्य और विकास से जुड़े फैसलों में पंजाब की जनता की आवाज सर्वोपरि होनी चाहिए।
रविश राज ने कहा कि पंजाब की नौकरियों में पंजाब के युवाओं को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। प्रदेश के विकास प्रोजेक्टों और सरकारी ठेकों में स्थानीय कारोबारियों, उद्योगपतियों और उद्यमियों को कानून के दायरे में रहते हुए अधिक अवसर दिए जाने चाहिए, ताकि पंजाब की पूंजी, संसाधनों और रोजगार के अवसरों का लाभ प्रदेश के लोगों को मिल सके।
उन्होंने कहा कि पंजाब के संसाधनों का इस्तेमाल पंजाब की तरक्की और खुशहाली के लिए होना चाहिए। उन्होंने कहा कि “पंजाब नूं पंजाब चलाएगा” केवल एक नारा नहीं, बल्कि पंजाब के अधिकारों, आत्मसम्मान और अपने भविष्य का फैसला स्वयं करने की भावना का प्रतीक है। यह अभियान राहुल गांधी की उस सोच को आगे बढ़ाने का प्रयास है, जिसमें आम लोगों की आवाज, अधिकारों और भागीदारी को सर्वोच्च महत्व दिया जाता है। इस डिजिटल अभियान के तहत आकर्षक डिजिटल पोस्टर, सोशल मीडिया रील्स, विशेष अभियान गीत और वीडियो एक साथ जारी किए जाएंगे।


Comments
No comments yet.