पठानकोट-जम्मू नेशनल हाईवे स्थित माधोपुर डिफेंस रोड टी-प्वाइंट के पास दो कारों के बीच आमने-सामने की जबरदस्त टक्कर हो गई। इस भीषण सड़क हादसे में एक युवती और तीन महिलाओं समेत कुल 6 लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार व अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
अस्थियां प्रवाहित कर जम्मू लौट रहा था पीड़ित परिवार
मिली जानकारी के मुताबिक, जम्मू का रहने वाला एक परिवार अर्टिगा कार में सवार होकर श्री कीरतपुर साहिब से अपने परिजन की अस्थियां जल प्रवाहित करने के बाद वापस अपने घर जम्मू लौट रहा था। जैसे ही उनकी कार माधोपुर डिफेंस रोड टी-प्वाइंट के नजदीक पहुंची, सामने से गलत दिशा (रॉन्ग साइड) में आ रही एक तेज रफ्तार आई-20 कार ने उन्हें सीधी टक्कर मार दी।
SSF और राहगीरों ने संभाला मोर्चा
हादसे के तुरंत बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने मदद के लिए हाथ बढ़ाया और पुलिस व सड़क सुरक्षा बल (SSF) को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही SSF की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त कारों में फंसे घायलों को बाहर निकाला। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए तुरंत सुजानपुर के एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया।
जाम से बचने के लिए रॉन्ग साइड आ रहा था चालक
हादसे में घायल हुए लोगों की पहचान अर्टिगा चालक गुरप्रीत सिंह, काला सिंह, गुरप्रीत कौर, ओंकार कौर, कांता कौर और शकुंतला कौर (सभी निवासी जम्मू) के रूप में हुई है। दूसरी तरफ, आई-20 कार के चालक राहुल ने बताया कि वह कठुआ से पठानकोट की तरफ आ रहा था। हाईवे की एक लेन में जाम लगा होने के कारण उसने अपनी गाड़ी गलत दिशा वाली लेन में डाल दी थी, जिसके चलते यह हादसा पेश आया।
पुलिस ने वाहनों को कब्जे में लेकर शुरू की जांच
इस दुर्घटना के कारण नेशनल हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित रहा। पुलिस और SSF की टीम ने क्रेन मंगवाकर दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे करवाया और ट्रैफिक को सुचारू रूप से बहाल किया। फिलहाल पुलिस ने दोनों कारों को अपने कब्जे में लेकर मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।


Comments
No comments yet.