वॉट्सएप यूजर्स के लिए एक बेहद काम का फीचर रोलआउट होना शुरू हो गया है, जिसके जरिए अब मैसेज को पहले से शेड्यूल किया जा सकेगा। इस सुविधा के आने के बाद यूजर अपना मैसेज लिखकर यह तय कर पाएंगे कि वह किस दिन और किस समय सामने वाले तक पहुंचे। कंपनी ने फिलहाल यह फीचर चुनिंदा यूजर्स के लिए जारी किया है और यह पर्सनल चैट के साथ-साथ ग्रुप चैट पर भी काम करेगा।
14 दिन आगे तक सेट कर सकेंगे मैसेज, फोटो-वीडियो भी शामिल
इस फीचर के तहत यूजर्स 10 मिनट से लेकर 14 दिन तक आगे के समय के लिए मैसेज शेड्यूल कर सकते हैं। खास बात यह है कि यह सुविधा सिर्फ टेक्स्ट मैसेज तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें फोटो और वीडियो भी शेड्यूल किए जा सकेंगे। जैसे कि किसी दोस्त को बर्थडे पर फोटो के साथ शुभकामना भेजनी हो या किसी ग्रुप में तय वक्त पर कोई वीडियो शेयर करना हो, तो इसे पहले से सेट किया जा सकता है। मैसेज तय समय पर जाने के बाद सामने वाले यूजर को यह बिल्कुल एक सामान्य वॉट्सएप मैसेज की तरह ही दिखेगा।
रोजमर्रा के काम और रिमाइंडर में मिलेगी मदद
यह नया फीचर दैनिक जीवन की कई जरूरतों को आसान बना सकता है। अगर आपको देर रात याद आता है कि सुबह किसी को एग्जाम या इंटरव्यू के लिए शुभकामना देनी है, तो आप मैसेज लिखकर सुबह के वक्त के लिए सेट कर सकते हैं। इसी तरह, अलग टाइम जोन में रहने वाले दोस्त को ठीक रात 12 बजे जन्मदिन की बधाई भेजने या किसी इवेंट से ठीक पहले ग्रुप में रिमाइंडर डालने के लिए भी यह फीचर काफी उपयोगी साबित हो सकता है।
फोन बंद होने पर भी जाएगा मैसेज, प्राइवेसी भी सुरक्षित
वॉट्सएप ने स्पष्ट किया है कि मैसेज शेड्यूल होने के बाद यदि यूजर का फोन स्विच ऑफ हो जाए या बैटरी डिस्चार्ज हो जाए, तब भी तय समय पर मैसेज डिलीवर हो जाएगा। यानी रात में फोन की बैटरी खत्म होने पर भी सुबह के लिए सेट किया गया मैसेज जाने में कोई रुकावट नहीं आएगी। सुरक्षा के लिहाज से कंपनी ने बताया है कि शेड्यूल किए गए मैसेज भी अन्य पर्सनल मैसेज की तरह एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड रहेंगे और वॉट्सएप खुद भी इनके कंटेंट को नहीं पढ़ सकेगा।


Comments
No comments yet.