हरियाणा के रोहतक में कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए बदमाशों ने एक सनसनीखेज हत्याकांड को अंजाम दिया है। यहां खरावड़ पुलिस चौकी से महज 50 कदम की दूरी पर स्थित एक ढाबे में चार युवकों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। देर रात हुई इस अंधाधुंध फायरिंग से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
कार से पहुंचे पांच बदमाश, ढाबे पर बरसाईं गोलियां
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना रात करीब साढ़े 12 बजे मिलन ढाबे पर हुई, जहां कुछ युवक खाना खा रहे थे। इसी दौरान स्विफ्ट कार में सवार पांच हथियारबंद हमलावर वहां पहुंचे और बिना संभलने का मौका दिए युवकों पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाने लगे। अचानक शुरू हुई गोलीबारी से ढाबे पर भगदड़ मच गई और कई लोग जान बचाने के लिए टेबल-कुर्सियों के पीछे छिप गए।
बताया जा रहा है कि तीन युवकों ने खाने की टेबल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक युवक भागकर जान बचाने की कोशिश करने लगा। हमलावरों ने उसका पीछा किया और उसे भी गोलियों से छलनी कर दिया। वारदात के बाद बदमाश कई मिनट तक मौके पर हथियार लहराते रहे और फिर आराम से फरार हो गए। मृतकों की पहचान झज्जर के डीघल निवासी रिंकू, विनित व हर्ष उर्फ राजू और बेरी क्षेत्र निवासी हिमांशु के रूप में हुई है।
आधी रात मौके पर पहुंचे आला अधिकारी, साक्ष्य जुटाए गए
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। रोहतक रेंज के आईजी हामिद अख्तर और एसपी गौरव राजपुरोहित समेत अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी आधी रात को ही घटनास्थल पर पहुंचे। इसके साथ ही सीआईए, स्पेशल सेल और एफएसएल की टीमों ने मौके पर पहुंचकर बारीकी से जांच की और अहम सबूत इकट्ठे किए।
गैंगवार के एंगल से जांच, परिजनों ने रंजिश से किया इनकार
शुरुआती जांच में इस घटना को भाऊ रिटोलिया और सन्नी रिटोलिया के बीच चल रही गैंगवार से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस यह भी खंगाल रही है कि क्या इस हत्याकांड का संबंध हाल ही में डीघल गांव में हुई एक युवक की हत्या से है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि हमलावरों की पहचान और असली मकसद जांच के बाद ही सामने आ पाएगा।
दूसरी ओर, मृतकों के परिवारों ने किसी भी तरह की दुश्मनी से साफ इनकार किया है। परिजनों का कहना है कि युवक सिर्फ खाना खाने ढाबे पर गए थे और इस घटना ने उनके परिवारों को तबाह कर दिया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपियों को पकड़ने के लिए कई टीमें बनाई गई हैं और सीसीटीवी फुटेज व अन्य सुरागों के आधार पर जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।


Comments
No comments yet.