मध्य प्रदेश के ग्वालियर में ऐतिहासिक शीतला माता मंदिर के पास रविवार तड़के दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मंदिर की घाटी में बेकाबू ट्रक ने दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में 15 लोगों की मौत होने की खबर है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। घायलों में महिलाएं, बच्चे और दो पुलिसकर्मी भी शामिल बताए जा रहे हैं।
घाटी में बेकाबू हुआ ट्रक, श्रद्धालुओं में मची अफरा-तफरी
जानकारी के मुताबिक, हादसा रात करीब 1:30 बजे हुआ। नवरात्रि के चलते मंदिर में दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हुए थे। इसी दौरान धान से भरा एक ट्रक घाटी के ढलान पर अनियंत्रित हो गया और सड़क पर मौजूद लोगों को कुचलते हुए मंदिर के प्रवेश द्वार और बाहरी दीवार से जा टकराया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, ट्रक पुलिस बैरिकेड तोड़कर प्रतिबंधित मार्ग पर पहुंचा था।
घायलों को अस्पताल पहुंचाया, कई की हालत गंभीर
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंचे। घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। कई घायलों को गंभीर चोटें आई हैं और उनका इलाज जारी है। हादसे में ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।
हादसे के कारणों की जांच जारी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रक के अनियंत्रित होने के पीछे तकनीकी खराबी की आशंका जताई गई है। प्रशासन की ओर से वाहन की तकनीकी जांच कराई जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध और बैरिकेडिंग के बावजूद ट्रक मंदिर की घाटी तक कैसे पहुंचा।





Comments
No comments yet.