केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 20 अक्टूबर को पंजाब दौरे पर आ रहे हैं। भाजपा नेता रवनीत सिंह बिट्टू ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर उनके दौरे की जानकारी दी। बताया जा रहा है कि इस दौरान अमित शाह मानसा में मारे गए नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा और गुरदासपुर में हत्या के शिकार हुए विक्रमजीत सिंह के परिवारों से मुलाकात करेंगे।
रवनीत बिट्टू ने सोशल मीडिया पर साझा की जानकारी
रवनीत सिंह बिट्टू ने अपनी पोस्ट में लिखा कि पंजाब 20 अक्टूबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दौरे का स्वागत करता है। उन्होंने कहा कि पंजाब इस समय नशे के गंभीर संकट से जूझ रहा है। ऐसे में नशे के खात्मे, युवा पीढ़ी की सुरक्षा और राज्य के भविष्य के लिए दृढ़ इच्छाशक्ति, मजबूत नेतृत्व और निर्णायक कार्रवाई की जरूरत है।
AAP सरकार पर भी साधा निशाना
बिट्टू ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए दावा किया कि सरकार अपना कार्यकाल पूरा होने से पहले ही लोगों का भरोसा और समर्थन खो चुकी है। उन्होंने पंजाब के लोगों से नशे के खिलाफ अभियान में साथ आने की अपील की।
उन्होंने कहा कि पंजाब को नशा मुक्त बनाने के संकल्प के साथ सभी को एकजुट होना चाहिए, ताकि राज्य के युवाओं को बचाया जा सके और उनका भविष्य सुरक्षित बनाया जा सके।
परविंदर सिंह झोटा और विक्रमजीत सिंह के परिवारों से मुलाकात की चर्चा
अमित शाह के दौरे के दौरान मानसा में मारे गए नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा के परिवार से मुलाकात की भी जानकारी सामने आई है। इसके अलावा, वह गुरदासपुर में विक्रमजीत सिंह के परिवार से भी मिल सकते हैं। विक्रमजीत सिंह की कथित तौर पर नशा बेचने का विरोध करने के कारण हत्या कर दी गई थी।
अमित शाह के इस दौरे को पंजाब में नशे के मुद्दे और इससे जुड़े परिवारों की समस्याओं के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, दौरे का विस्तृत आधिकारिक कार्यक्रम सामने आने पर ही अन्य गतिविधियों की पुष्टि हो सकेगी।





Comments
No comments yet.