Sun, 13 Sep 2026
Post Details

मणिमहेश यात्रा पर निकले पंजाब के 2 युवकों की हादसे में मौत, 200 मीटर गहरी खाई में गिरी बाइक

पठानकोट-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) पर दुनाली और गैहरा के बीच हनुमान मंदिर के पास बीती रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां एक मोटरसाइकिल अचानक बेकाबू होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में बाइक सवार पंजाब के दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

मणिमहेश यात्रा पर जा रहे थे दोनों युवक

मृतकों की पहचान पठानकोट निवासी ज्योति और अनिल कुमार के रूप में हुई है। दोनों युवक मोटरसाइकिल नंबर PB-35U-2347 पर सवार होकर मणिमहेश यात्रा के लिए घर से निकले थे। बताया जा रहा है कि रात करीब 8 बजे के बाद जब वे दुनाली और गैहरा के बीच हनुमान मंदिर के पास पहुंचे, तभी अचानक मोटरसाइकिल बेकाबू हो गई।

200 मीटर गहरी खाई में गिरी बाइक

बाइक के अनियंत्रित होने के बाद दोनों युवक मोटरसाइकिल समेत करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरे। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गैहरा पुलिस चौकी के जवान और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

खाई से निकालकर चंबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाए शव

काफी मशक्कत के बाद दोनों युवकों के शवों को गहरी खाई से बाहर निकाला गया। इसके बाद शवों को मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया गया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 218303

Share this Post