Sat, 04 Jul 2026

NIA के मोस्ट वांटेड गोल्डी ढिल्लों पर कसा शिकंजा, भारत लाकर होगी पूछताछ

चंडीगढ़ के चर्चित श्री कुमार मेडिकल कैशियर जानकी दास हत्याकांड के कथित मास्टरमाइंड गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों को स्पेन में गिरफ्तार कर लिया गया है। भारतीय सुरक्षा एजेंसियों के समन्वय से की गई इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि गोल्डी ढिल्लों लंबे समय से विदेश में रहकर पंजाब समेत कई राज्यों में आपराधिक गतिविधियों का संचालन कर रहा था। अब उसे भारत लाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

NIA की वांटेड सूची में था शामिल
गोल्डी ढिल्लों का नाम राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल है। उस पर 10 लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। सूत्रों के मुताबिक, भारत लाए जाने के बाद चंडीगढ़ पुलिस उसे प्रोडक्शन वारंट पर लेकर जानकी दास हत्याकांड सहित अन्य मामलों में पूछताछ करेगी।

2022 में विदेश भागकर खड़ा किया अपराध का नेटवर्क
राजपुरा निवासी गोल्डी ढिल्लों के खिलाफ शुरुआती दौर में मारपीट, धमकी और आर्म्स एक्ट के तहत मामले दर्ज हुए थे। बाद में उसने कारोबारियों से रंगदारी वसूलने का नेटवर्क तैयार किया। वर्ष 2022 में वह भारत छोड़कर विदेश फरार हो गया, जहां से उसने पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली-एनसीआर में अपने गैंग की गतिविधियों को संचालित करना जारी रखा।

भारत लाने की प्रक्रिया पर नजर
जांच एजेंसियां अब गोल्डी ढिल्लों के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया को आगे बढ़ा रही हैं। अधिकारियों का मानना है कि भारत लाए जाने के बाद उससे पूछताछ में कई आपराधिक मामलों और उसके नेटवर्क से जुड़े अहम खुलासे हो सकते हैं।


60

Share News

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 171076