Fri, 03 Jul 2026

पंजाब में दर्दनाक घटना : पहले मां ने बच्चों को जहर दिया, फिर गला घोंटा और फिर खुद फंदे से लटक गई

पंजाब के मानसा में बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक महिला ने अपने तीन मासूम बच्चों की हत्या करने के बाद खुद भी फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान 35 वर्षीय संदीप कौर के रूप में हुई है। उसके पति निक्का सिंह की चार वर्ष पहले बीमारी के कारण मौत हो चुकी थी। इसके बाद वह अपनी सास और तीन बच्चों के साथ किराए के मकान में रह रही थी।

सास के घर से बाहर जाने पर वारदात को दिया अंजाम
पुलिस के अनुसार, घटना के समय संदीप कौर घर में अपने तीनों बच्चों के साथ अकेली थी, जबकि उसकी सास किसी रिश्तेदारी में गई हुई थी। महिला ने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि उसने पहले बच्चों को खाने में जहरीला पदार्थ दिया। जब बच्चे बेसुध हो गए तो उनकी मौत सुनिश्चित करने के लिए उनका गला भी घोंट दिया।

बच्चों की मौत के बाद खुद भी फंदे से लटक गई
पुलिस का कहना है कि तीनों बच्चों की मौत के बाद संदीप कौर ने कमरे में पंखे से चुन्नी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। यह पूरी घटना गुरुवार दोपहर की बताई जा रही है। हालांकि काफी देर तक किसी पड़ोसी को इसकी भनक नहीं लगी।

आर्थिक तंगी को माना जा रहा है संभावित कारण
जांच में सामने आया है कि पति की मौत के बाद संदीप कौर मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रही थी। उसकी आय सीमित होने के कारण तीन बच्चों की परवरिश, पढ़ाई और घर का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा था। हालांकि पुलिस ने अभी आत्महत्या और बच्चों की हत्या के पीछे किसी एक कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

पोस्टमॉर्टम के बाद पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच जारी है।


70

Share News

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 170907