Mon, 07 Sep 2026
Post Details

जालंधर समेत पंजाब के इन शहरों में आंधी और बिजली, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

पंजाब में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने राज्य के कई हिस्सों में रात साढ़े 9 बजे तक भारी आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। कपूरथला, बाबा बकाला, अमृतसर, बटाला, अजनाला, डेरा बाबा नानक, भुल्लथ, दसूआ, मुकेरियां, गुरदासपुर और पठानकोट में आसमानी बिजली चमकने के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है।

इसके अलावा जालंधर, सरदूलगढ़, पट्टी, सुल्तानपुर लोधी, तरनतारन, खडूर साहिब, होशियारपुर और धार कलां में भी 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चलेंगी और गरज-चमक के साथ आसमानी बिजली गिरने की प्रबल संभावना है।

23 जून तक ऐसा ही रहेगा मौसम का हाल

मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, पंजाब में मौसम की यह स्थिति 23 जून तक निरंतर बनी रहेगी। इस समय पाकिस्तान और जम्मू-कश्मीर के पास एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) मौजूद है, जो राज्य के मौसम को सीधे तौर पर प्रभावित कर रहा है और आंधी-बारिश का कारण बन रहा है। हालांकि, इस मौसमी बदलाव के कारण लोगों को झुलसाने वाली गर्मी से थोड़ी राहत मिली है और ज्यादातर शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है।

खराब मौसम को लेकर प्रशासन की सख्त हिदायत

तेज हवाओं और आसमानी बिजली के गंभीर खतरे को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों की सुरक्षा के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने आम जनता से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि आंधी और तूफान के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचें।

अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लोगों को बड़े पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे या उनके आसपास खड़े ना होने की सख्त हिदायत दी गई है, ताकि आंधी के दौरान किसी भी बड़े हादसे से बचा जा सके।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 216357

Share this Post