Mon, 07 Sep 2026
Post Details

जालंधर के मॉडल टाउन में प्रॉपर्टी विवाद ने पकड़ा तूल, डॉ. जशनीव कपूर ने दी सफाई

जालंधर के पॉश इलाके मॉडल टाउन स्थित एक बहुमूल्य इमारत को लेकर चल रहा विवाद लगातार गहराता जा रहा है। कपूर अस्पताल के संचालक डॉ. जशनीव कपूर और राजन सिद्धू के बीच चल रहे प्रॉपर्टी विवाद में हाल ही में नया मोड़ सामने आया है। बीते दिन डॉ. जशनीव कपूर ने संबंधित संपत्ति का कब्जा लेने का दावा किया, जबकि मौके पर दोनों पक्षों के बीच तनाव और हाथापाई की स्थिति भी देखने को मिली।

राजन सिद्धू समेत अन्य के खिलाफ मामला दर्ज
मामले में पुलिस ने अमरप्रीत सिद्धू उर्फ राजन सिद्धू, राजीव ग्रेवाल और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस पूरे मामले से जुड़े दस्तावेजों और आरोपों की जांच कर रही है।

डॉ. कपूर बोले- कानूनी प्रक्रिया के तहत खरीदी थी संपत्ति
विवाद के बीच डॉ. जशनीव कपूर ने वीडियो जारी कर अपना पक्ष रखा है। उन्होंने कहा कि उन्होंने वर्ष 2022 में यह प्रॉपर्टी राजन सिद्धू से खरीदी थी और इसकी रजिस्ट्री भी राजन सिद्धू ने स्वयं करवाई थी। उनके अनुसार संपत्ति से जुड़े पानी और बिजली के बिल भी लगातार उनके द्वारा ही जमा किए जा रहे हैं।

इमारत बनने के बाद शुरू हुआ विवाद
डॉ. कपूर का दावा है कि जब इमारत पूरी तरह तैयार हो गई, तब राजन सिद्धू ने यह कहना शुरू किया कि उन्होंने यह लेन-देन ब्याज पर पैसे लेने के उद्देश्य से किया था। उन्होंने कहा कि इस मामले की मोहाली और जालंधर पुलिस द्वारा विस्तार से जांच की जा चुकी है।

हाईकोर्ट में भी पहुंचा मामला
डॉ. जशनीव कपूर के अनुसार मामले की सुनवाई के दौरान राजन सिद्धू की पत्नी और बहनों ने हाईकोर्ट में लिखित रूप से संपत्ति उनके पक्ष में देने की बात कही थी। उन्होंने यह भी दावा किया कि अदालत में हुई पहली सुनवाई के दौरान संपत्ति पर लगा स्टे ऑर्डर भी हट गया था। फिलहाल मामले को लेकर कानूनी प्रक्रिया जारी है और पुलिस जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 216357

Share this Post