Mon, 07 Sep 2026
Post Details

अमेरिका के वर्जीनिया में सनसनीखेज वारदात, पंजाबी युवक ने परिवार के तीन सदस्यों की गोली मारकर हत्या की

अमेरिका के वर्जीनिया राज्य में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 19 वर्षीय पंजाबी युवक ने कथित तौर पर अपने ही परिवार पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस घटना में उसकी मां कमलेश रानी, पिता सीताराम और नानी महेंदर कौर की मौत हो गई। तीनों को सिर में गोली लगने के कारण मौके पर ही मृत घोषित कर दिया गया। वहीं युवक का बड़ा भाई साजन इस हमले में बच गया।

वारदात के बाद गांव में पसरा मातम
घटना की खबर मिलते ही पंजाब के नवांशहर जिले के पैतृक गांव लखपुर में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों और ग्रामीणों को इस दर्दनाक घटना पर यकीन नहीं हो रहा है। गांव में मातम का माहौल है और लोग पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।

भागने की कोशिश में हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार वारदात के बाद आरोपी गौरव चोपड़ा मौके से फरार होने की कोशिश कर रहा था। इस दौरान उसकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। अधिकारियों ने बताया कि उसका हथियार भी जाम हो गया था, जिसके चलते उसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने गौरव चोपड़ा के खिलाफ 'कैपिटल मर्डर' के चार गंभीर आरोप दर्ज किए हैं। फिलहाल उसे बिना जमानत जेल में रखा गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

टेक्सास यूनिवर्सिटी का छात्र है आरोपी
जांच एजेंसियों के मुताबिक गौरव चोपड़ा University of Texas Rio Grande Valley का छात्र है। बताया जा रहा है कि परिवार पिछले 20 से 30 वर्षों से अमेरिका में रह रहा था। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी ने इस खौफनाक कदम को क्यों उठाया और वारदात के पीछे की असली वजह क्या थी।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 216357

Share this Post