Fri, 05 Jun 2026

अमृतसर-पठानकोट हाईवे पर दर्दनाक हादसा, टिप्पर से टकराई टेम्पो ट्रैवलर; 2 की मौत 14 घायल

गुरदासपुर जिले में अमृतसर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर बटाला के पास उधोवाल अड्डे में एक भीषण सड़क हादसा हो गया। मां वैष्णो देवी के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी टेम्पो ट्रैवलर एक टिप्पर से टकरा गई। हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 14 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

टिप्पर के पीछे जा भिड़ी टेम्पो ट्रैवलर
जानकारी के अनुसार उधोवाल अड्डे के निकट आगे चल रहा एक टिप्पर अचानक पक्की सड़क छोड़कर कच्चे रास्ते की ओर उतर गया। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार टेम्पो ट्रैवलर उसका अंदाजा नहीं लगा सकी और सीधे टिप्पर के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेम्पो ट्रैवलर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

मानसा के रहने वाले थे सभी श्रद्धालु
हादसे का शिकार हुए सभी श्रद्धालु पंजाब के मानसा क्षेत्र के बताए जा रहे हैं। वे मां वैष्णो देवी के दर्शन करने के बाद अपने घर लौट रहे थे। यात्रा के दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया, जिससे परिवारों में मातम का माहौल है। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को वाहनों की मदद से बाहर निकाला गया और उपचार के लिए बटाला के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।

गंभीर घायलों को अमृतसर किया गया रेफर
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए अमृतसर रेफर कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।


50

Share News

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 165094