लुधियाना से नौ लड़कियों के कथित रूप से लापता होने के मामले में पंजाब राज्य महिला आयोग ने सख्त रुख अपनाया है। आयोग की चेयरपर्सन राजलाली गिल ने मामले का स्वत: संज्ञान लेते हुए पुलिस कमिश्नर लुधियाना स्वपन शर्मा से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।
8 जून तक मांगी गई जांच रिपोर्ट
महिला आयोग ने पुलिस कमिश्नर को निर्देश दिए हैं कि मामले की जांच किसी वरिष्ठ अधिकारी से निष्पक्ष तरीके से कराई जाए। साथ ही जांच पूरी कर उसकी रिपोर्ट 8 जून तक आयोग के समक्ष प्रस्तुत करने को कहा गया है। आयोग ने इस मामले को बेहद गंभीर बताते हुए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
सोशल मीडिया पर साझा किया नोटिस
राजलाली गिल ने लापता लड़कियों की तस्वीरें और पुलिस कमिश्नर को जारी किए गए नोटिस की प्रति अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी साझा की है। उन्होंने कहा कि महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
महिला आयोग एक्ट के तहत जारी किया नोटिस
आयोग ने पंजाब राज्य महिला आयोग अधिनियम, 2001 की धारा 12 के तहत अपनी शक्तियों का उपयोग करते हुए इस मामले में सुओ-मोटो नोटिस जारी किया है। आयोग का कहना है कि एक साथ नौ लड़कियों का लापता होना अत्यंत चिंताजनक है और इसकी गहन जांच आवश्यक है।
महिला सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर उठे सवाल
आयोग ने अपने आदेश में कहा है कि पंजाब में महिलाओं के अधिकारों, सम्मान और सुरक्षा को सुनिश्चित करना उसकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। ऐसे में एक साथ नौ लड़कियों का गायब होना महिला सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। इसलिए मामले की हर पहलू से जांच कर सच्चाई सामने लाना जरूरी है।
पुलिस पहले ही दे चुकी है अपना पक्ष
इस बीच लुधियाना पुलिस ने महिला आयोग का नोटिस जारी होने से पहले ही सोशल मीडिया के माध्यम से इस मामले में अपना पक्ष सार्वजनिक किया था। अब आयोग द्वारा मांगी गई रिपोर्ट के बाद मामले में आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी।
Comments
No comments yet.