Mon, 07 Sep 2026
Post Details

लुकआउट नोटिस के बीच मजीठिया पर सियासी वार, मुख्यमंत्री ने उठाए सवाल

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया पर तीखा हमला बोला है। मजीठिया के खिलाफ जारी लुकआउट नोटिस और पुलिस की तलाश के बीच मुख्यमंत्री ने कहा कि अब उन्हें सामने आना चाहिए और कानून का सामना करना चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो खुद को माझे का जरनैल बताते थे, उन्हें अब आगे आकर जवाब देना चाहिए।

मजीठिया को बताया ‘कागजों का शेर’
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि अब लोगों के सामने सब कुछ स्पष्ट हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ नेता दूसरों को मुश्किलों में डालते रहे, लेकिन जब खुद पर कार्रवाई का समय आया तो गायब हो गए। कानून अपना काम कर रहा है और पुलिस संबंधित मामले में कार्रवाई कर रही है। उन्होंने मजीठिया को “कागजों का शेर” बताते हुए कहा कि सच्चाई सामने आने पर ऐसे लोगों की वास्तविकता उजागर हो जाती है।

गुमशुदगी के पोस्टर बने चर्चा का विषय


इसी बीच मजीठा क्षेत्र में बिक्रम मजीठिया के गुमशुदगी संबंधी पोस्टर भी लगाए गए हैं। इन पोस्टरों में उनकी तस्वीर के साथ “गुमशुदा भगौड़े की तलाश” जैसे शब्द लिखे गए हैं। पोस्टरों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं और राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बनी हुई हैं।

आरोपी को छुड़ाने के मामले में दर्ज हुआ केस
पुलिस के अनुसार, बिक्रम मजीठिया पर आरोप है कि 31 मई को उन्होंने कथित तौर पर मजीठा पुलिस थाने पहुंचकर एक आरोपी को छुड़ाने की कोशिश की। आरोप है कि इस दौरान पुलिस कार्रवाई में बाधा डाली गई और पुलिस कर्मियों के मोबाइल फोन छीनने का प्रयास भी किया गया। इसी मामले में पुलिस ने केस दर्ज किया है।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 216357

Share this Post