Fri, 29 May 2026

जालंधर में मां की बहादुरी से टला किडनैपिंग का प्रयास, नशेड़ी 3 साल की बच्ची को कर रहा था किडनैप

जालंधर में एक मां की सूझबूझ और बहादुरी से मासूम बच्ची के कथित अपहरण की कोशिश नाकाम हो गई। मामला लांबड़ा थाना क्षेत्र के नाला पुल के पास का है, जहां नशे में धुत्त एक मजदूर ने बच्ची को उठाने की कोशिश की, लेकिन महिला ने तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए आरोपी को पकड़वा दिया।

ऑटो का इंतजार कर रही थी महिला
जानकारी के अनुसार पीड़ित महिला निहाल अपने मायके आई हुई थी और अपनी छोटी बच्ची को दवाई दिलाने के लिए सिविल अस्पताल जाने की तैयारी कर रही थी। वह सड़क किनारे ऑटो का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति काफी देर से उसका पीछा कर रहा था।

महिला ने बताया कि जैसे ही वह ऑटो में बैठने के लिए मुड़ी, आरोपी पीछे से आया और बच्ची के मुंह पर कपड़ा डालकर उसे उठाने की कोशिश करने लगा, ताकि बच्ची शोर न मचा सके।

मां ने दिखाई हिम्मत, आरोपी मौके पर गिरा
महिला ने बिना घबराए तुरंत आरोपी का सामना किया और उसे जोरदार थप्पड़ मार दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी नशे में इतना धुत्त था कि थप्पड़ लगते ही जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर जुट गए और आरोपी को पकड़ लिया। पकड़े जाने पर आरोपी ने सफाई देते हुए कहा कि वह बच्ची को अगवा नहीं कर रहा था, बल्कि उसे टॉफी देने की कोशिश कर रहा था। हालांकि स्थानीय लोगों और महिला ने उसकी बात पर विश्वास नहीं किया।

लोगों ने बांधकर पुलिस के हवाले किया
लोगों के मुताबिक आरोपी कई बार मौके से भागने की कोशिश करता रहा, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसके हाथ-पैर बांधकर उसे वहीं रोक लिया। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। घटना के बाद पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। महिला का आरोप है कि घटना के तुरंत बाद 100 और 112 नंबर पर कॉल की गई, लेकिन पुलिस को मौके पर पहुंचने में करीब सवा घंटा लग गया।

परिवार का कहना है कि आरोपी खुलेआम धमकी दे रहा था कि वह जेल से जल्दी बाहर आ जाएगा। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस आरोपी को अपने साथ ले गई, लेकिन उनसे कोई लिखित शिकायत या बयान तक दर्ज नहीं किया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।


130

Share News

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 163769