गन कल्चर को लेकर सुर्खियों में रितु नूरां, सोशल मीडिया वीडियो पर उठे सवाल
नूरां सिस्टर्म की बहन रितु मीर नूरां एक बार फिर चर्चा में आ गई हैं। हाल ही में पारिवारिक विवादों को लेकर सुर्खियों में रहने के बाद अब उनका एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह हाथ में गन पकड़े दिखाई दे रही हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
वायरल वीडियो में रितु मीर नूरां बिस्तर पर बैठी नजर आ रही हैं और उनके हाथ में एक गन दिखाई दे रही है। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वीडियो में दिखाई गई गन असली है या नकली। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
गन लाइसेंस को लेकर भी उठे सवाल
सूत्रों के मुताबिक रितु मीर नूरां के पास किसी भी हथियार का लाइसेंस नहीं है। ऐसे में अब यह सवाल उठ रहा है कि क्या पुलिस इस मामले में कोई कार्रवाई करेगी। फिलहाल पुलिस की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
पंजाब में गन कल्चर पर पहले से सख्ती
गौरतलब है कि भगवंत मान सरकार ने 2022 में पंजाब में गन कल्चर को बढ़ावा देने के खिलाफ सख्त कदम उठाए थे। सरकार ने ऑनलाइन और ऑफलाइन हथियारों के प्रदर्शन पर रोक लगाने के आदेश जारी किए थे। इसके साथ ही हथियारों और हिंसा को महिमामंडित करने वाले गानों और वीडियो पर भी सख्ती की गई थी।
नियम तोड़ने वालों पर हो चुकी है कार्रवाई
पंजाब पुलिस लगातार गन कल्चर को बढ़ावा देने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करती रही है। शादी समारोहों या सार्वजनिक कार्यक्रमों में फायरिंग को अपराध घोषित किया गया है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ केस भी दर्ज किए गए हैं। ऐसे में अब यह देखना होगा कि वायरल वीडियो को लेकर पुलिस रितु मीर नूरां के खिलाफ कोई कार्रवाई करती है या नहीं।

Comments
No comments yet.