Thu, 28 May 2026

गाड़ी पार्किंग को लेकर अमृतसर में बवाल, तलवारें लहराईं और चलीं गोलियां

अमृतसर में गाड़ी पार्किंग को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी झड़प में बदल गया। कोट आत्मा राम इलाके में दो गुटों के बीच हुई फायरिंग में आम आदमी पार्टी से जुड़े जयपाल सिंह और दूसरे पक्ष के नरेंद्र सिंह घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना का वीडियो आया सामने
घटना का लाइव वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पहले दोनों पक्षों के बीच तीखी झड़प होती दिखाई दे रही है। इसके बाद अचानक गोलियां चलने लगती हैं। वीडियो में एक युवक तलवार लहराते हुए भी नजर आ रहा है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

पार्किंग को लेकर शुरू हुआ था विवाद
जानकारी के अनुसार विवाद गाड़ी पार्किंग को लेकर शुरू हुआ था। पहले दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला हिंसक झगड़े में बदल गया। दोनों तरफ से गोलियां चलाई गईं, जिसमें जयपाल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि नरेंद्र सिंह भी जख्मी बताए जा रहे हैं।

अस्पताल पहुंचे विधायक डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर
घटना की सूचना मिलते ही इंदरबीर सिंह निज्जर अमनदीप अस्पताल पहुंचे और घायल जयपाल सिंह का हालचाल जाना। उन्होंने कहा कि उन्हें सूचना मिली थी कि उनके हलके में गोलीबारी हुई है और पार्टी के वरिष्ठ वॉलंटियर जयपाल सिंह अस्पताल में भर्ती हैं। डॉक्टरों से मरीजों की स्थिति के बारे में जानकारी ली गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

डॉ. निज्जर ने कहा कि जयपाल सिंह लंबे समय से आम आदमी पार्टी से जुड़े हुए हैं और पहले चुनाव भी लड़ चुके हैं। हालांकि फिलहाल किसी राजनीतिक रंजिश की पुष्टि नहीं हुई है। 

पुलिस कर रही मामले की जांच
थाना बी-डिवीजन के पुलिस अधिकारी बलजिंदर सिंह औलख के मुताबिक घटना कोट आत्मा राम इलाके में हुई। उन्होंने बताया कि करण नाम के युवक और तजिंदर सिंह के बीच गाड़ी पार्किंग को लेकर विवाद शुरू हुआ था। इसके बाद दोनों पक्षों में झड़प हुई और फायरिंग हो गई। दोनों घायलों का इलाज जारी है। 

दूसरी ओर एक पक्ष का दावा है कि गोली सेल्फ डिफेंस में चलाई गई थी। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर रही है और इलाके के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।


110

Share News

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 163638