Wed, 27 May 2026

हाईकोर्ट के आदेश के बावजूद 120 फीट सड़क बंद, पार्षद बलराज ठाकुर ने उठाई आवाज़

जालंधर में पी.पी.आर मॉल से इनकम टैक्स कॉलोनी तक जाने वाली 120 फीट सड़क को खोलने की मांग को लेकर इलाके के लोगों और विभिन्न सोसायटियों ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया। यह एकत्रीकरण अंध विद्यालय के नजदीक उस स्थान पर किया गया, जहां लंबे समय से सड़क पर कब्जे के कारण रास्ता संकरा बना हुआ है। प्रदर्शन का नेतृत्व बलराज ठाकुर के आह्वान पर किया गया। लोगों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ रोष जताते हुए कहा कि लंबे समय से मांग उठाने के बावजूद सड़क को नहीं खोला गया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो सरकार के खिलाफ संघर्ष शुरू किया जाएगा।

सड़क नहीं खोली गई तो कड़ा संघर्ष होगा- बलराज ठाकुर 

पार्षद बलराज ठाकुर ने कहा कि यह सड़क इलाके के लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, लेकिन लंबे समय से प्रशासनिक लापरवाही के कारण जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के स्पष्ट आदेशों के बावजूद सड़क से अतिक्रमण नहीं हटाया गया, जो प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। बलराज ठाकुर ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द सड़क को पूरी तरह नहीं खोला गया तो इलाके के लोग मजबूर होकर सरकार और प्रशासन के खिलाफ बड़ा संघर्ष शुरू करेंगे।

हाईकोर्ट के आदेश के बावजूद नहीं खुली सड़क

बताया गया कि यह सड़क श्री गुरु रविदास चौक से लतीफपुरा होते हुए इनकम टैक्स कॉलोनी रोड तक जाती है। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने 16 अगस्त 2012 के अपने फैसले में इस सड़क को जालंधर इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट की ऋषि नगर स्कीम का हिस्सा बताते हुए अतिक्रमण हटाने के आदेश दिए थे। इसके बावजूद आज तक सड़क पूरी तरह नहीं खोली गई।

स्थानीय निवासियों ने कहा कि 120 फीट चौड़ी सड़क कई स्थानों पर मात्र 15 फीट तक सीमित हो गई है, जिससे लगातार ट्रैफिक जाम की समस्या बनी रहती है। लोगों ने प्रशासन से मांग की कि सड़क को जल्द से जल्द अतिक्रमण मुक्त कराकर आम जनता के लिए खोला जाए।

कई संगठन और समाजसेवी रहे मौजूद

इस मौके पर कांग्रेस पार्षद बलराज ठाकुर, मॉडल टाउन मार्केट एसोसिएशन के प्रधान राजीव दुग्गल, पीपीआर मार्केट एसोसिएशन के प्रधान गुरदीप सिंह राजा, जालंधर मॉडल टाउन सोसायटी के प्रधान मनमीत सिंह सोढ़ी, जॉइंट एक्शन कमेटी के प्रधान जसविंदर साहनी और चेयरमैन वरिंदर मलिक, वीरेंद्र सैनी अपने साथियों सहित उपस्थित रहे। इसके अलावा बीजे चोपड़ा, नवसंदीप सिंह शिम्पू, रबिंदर सिंह, सचिन वालिया, विशाल शर्मा, गुरमीत सिंह, अभिषेक गुप्ता, एसपी सिंह, यशपाल शर्मा, अजीब सिंह, राकेश शर्मा, सुखदीप सिंह मोनू, विजय जोशी, संतोष सिंह, अजीत वालिया, बाबू राम अरोड़ा, बांके लाल पुरी, सुरेश चौरसिया सहित बड़ी संख्या में इलाके के निवासी मौजूद रहे।


1550

Share News

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 163235