Wed, 27 May 2026

पंजाब निकाय चुनाव 2026: बरनाला में भाजपा प्रत्याशी के पति पर हमला, अबोहर में संदिग्ध गाड़ी के साथ 4 युवक हिरासत में

पंजाब के स्थानीय निकाय चुनावों के तहत आज मोहाली समेत 8 नगर निगमों, 75 नगर कौंसिल और 20 नगर पंचायतों के लिए प्रशासनिक मुस्तैदी के बीच मतदान प्रक्रिया चल रही है। राज्य चुनाव आयोग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, दोपहर 2 बजे तक कुल 45.60% मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके हैं।

सुबह 8 बजे शुरू हुई यह वोटिंग शाम 5 बजे तक जारी रहेगी, जिसमें कुल 7,555 उम्मीदवारों की साख दांव पर लगी हुई है। मतदान के बीच राज्य के कुछ हिस्सों से हिंसक झड़प और तनाव की खबरें भी सामने आई हैं।

मजीठिया ने आप पर लोकतंत्र कुचलने का आरोप लगाया
बिक्रम मजीठिया ने आम आदमी पार्टी पर लोकतंत्र को कुचलने और प्रशासनिक दबाव के जरिए चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पंजाब में लोकतंत्र, भाईचारा और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखना अत्यंत महत्वपूर्ण है, और लोगों को बिना किसी डर या दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए।

पटियाला के समाना में पथराव और लाठीचार्ज
पटियाला जिले के समाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 19 में मतदान के दौरान स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब कुछ असामाजिक तत्वों ने पुलिस बल पर पथराव कर दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए प्रदर्शनकारियों पर पथराव किया और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज का सहारा लिया। इसी बीच, एक अन्य घटनाक्रम में पुलिस प्रशासन द्वारा केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को धूरी जाने से रोक दिया गया, जिसके बाद संगरूर के एसएसपी (SSP) और केंद्रीय मंत्री के बीच तीखी बहस देखने को मिली।

अबोहर में बाहरी राज्य के नंबर वाली संदिग्ध कार जब्त
अबोहर में नगर निगम चुनाव के दौरान सुरक्षा एजेंसियों ने एक संदिग्ध कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने मतदान केंद्र के आसपास हरियाणा (HR) नंबर की एक कार में घूम रहे चार युवकों को हिरासत में लिया है। पकड़ी गई गाड़ी का नंबर HR 12 Y 3683 है, जिस पर 'NSUI हनुमानगढ़' की नेमप्लेट लगी हुई थी। पुलिस पूछताछ के दौरान ये युवक इलाके में अपनी मौजूदगी को लेकर कोई ठोस या संतोषजनक जवाब नहीं दे सके, जिसके बाद पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में लेकर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी है।

बरनाला में भाजपा उम्मीदवार के पति पर जानलेवा हमला
बरनाला के वार्ड नंबर 15 में चुनावी रंजिश के चलते बड़ा विवाद सामने आया है। यहां से चुनाव लड़ रहीं भाजपा उम्मीदवार दीपइंदर कौर के पति जसवीर सिंह पर कुछ अज्ञात लोगों ने तेजधार हथियार से हमला कर दिया। घायल जसवीर सिंह का आरोप है कि सुबह से ही आम आदमी पार्टी (AAP) से जुड़े कुछ बाहरी लोग वार्ड में फर्जी वोटिंग की कोशिश कर रहे थे, जिसकी शिकायत उन्होंने पुलिस से भी की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उन पर हमला किया गया, जिसमें उनकी पगड़ी उतर गई और सिर पर चोटें आईं। इस दौरान उनकी पत्नी और समर्थकों के साथ भी हाथापाई की गई।

फर्जी वोटिंग को लेकर बरनाला में भारी हंगामा
फर्जी वोटिंग की शिकायतों को लेकर बरनाला का वार्ड नंबर 33 भी अखाड़ा बन गया। यहां आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार रीता गोयल (पत्नी चमन लाल चतरी) और निर्दलीय प्रत्याशी उर्मिला देवी (पत्नी हेमराज गर्ग) के समर्थक आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों द्वारा एक-दूसरे पर फर्जी मतदान कराने के गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद मतदान केंद्र पर भारी हंगामा हुआ। स्थिति को बिगड़ता देख प्रशासन ने मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर मामले को शांत कराया।

जगराओं में सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर पर हमला
लुधियाना के कस्बा जगराओं में नगर कौंसिल चुनाव के दौरान मंगलवार को तनावपूर्ण माहौल बन गया। वार्ड नंबर 1 के मतदान केंद्र पर एक सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर पर कथित तौर पर हमला किया गया, जिसमें उसका कैमरामैन चाकू लगने से घायल हो गया।
इस घटना के बाद काफी बवाल भी हुआ। यह घटना आम आदमी पार्टी की विधायक सरबजीत कौर मानूके और इन्फ्लुएंसर के बीच हुई तीखी नोकझोंक के कुछ देर बाद हुई।


70

Share News

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 163234