Wed, 27 May 2026

निकाय चुनाव के बीच पंजाब में सियासी घमासान, कई जगहों पर हंगामे की स्थिति

पंजाब में मंगलवार को 8 नगर निगमों, 75 नगर कौंसिलों और 20 नगर पंचायतों के लिए मतदान जारी है। बठिंडा, अबोहर, बटाला, बरनाला, कपूरथला, मोगा, पठानकोट और मोहाली नगर निगम चुनावों के साथ पूरे प्रदेश में सुबह 8 बजे से वोटिंग शुरू हुई, जो शाम 5 बजे तक चलेगी। सुबह 10 बजे तक करीब 10.5 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

राज्यभर में इस चुनाव के लिए 7,555 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि करीब 36.73 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इस बार मतदान ईवीएम की जगह बैलेट पेपर से कराया जा रहा है।

रायकोट में कांग्रेस उम्मीदवार पर जानलेवा हमले का आरोप
लुधियाना के रायकोट में मतदान के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी विधायक हाकम ठेकेदार के समर्थकों ने वार्ड नंबर-4 से कांग्रेस उम्मीदवार जगदेव सिंह जग्गा पर हमला किया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल उम्मीदवार को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर उन्हें लुधियाना के डीएमसी अस्पताल रेफर किया गया। कांग्रेस नेताओं का दावा है कि हमले में उनके हाथ-पैर तक तोड़ दिए गए।

खन्ना में कांग्रेस और AAP समर्थकों में बहस
खन्ना नगर कौंसिल के वार्ड नंबर-15 में मतदान शुरू होने के कुछ देर बाद कांग्रेस और AAP समर्थकों के बीच तीखी बहस हो गई। यहां कांग्रेस उम्मीदवार रीना विजन और AAP उम्मीदवार मंजू मल्होत्रा आमने-सामने हैं। बताया जा रहा है कि कांग्रेस नेता गिन्नी विजन और AAP नेता शामलाल मल्होत्रा के बेटे राजीव मल्होत्रा के बीच बूथ के बाहर कहासुनी हुई। मौके पर मौजूद पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप कर मामला शांत करवाया और दोनों पक्षों को सख्त चेतावनी दी।

फरीदकोट जिले में 249 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर
फरीदकोट जिले की फरीदकोट, कोटकपूरा और जैतो नगर कौंसिलों में भी मतदान जारी है। जिले के कुल 71 वार्डों में से 61 वार्डों में वोटिंग हो रही है, जबकि 10 वार्डों में उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं। तीनों शहरों में कुल 249 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। फरीदकोट नगर कौंसिल में 105, कोटकपूरा में 100 और जैतो में 44 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं।

राजा वड़िंग बैलगाड़ी पर वोट डालने पहुंचे
अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग अपनी पत्नी अमृता वड़िंग के साथ बैलगाड़ी पर बैठकर वोट डालने पहुंचे। उन्होंने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा और कहा कि वह आम लोगों का संदेश प्रधानमंत्री तक पहुंचाना चाहते हैं।

मीत हेयर ने AAP की जीत का दावा किया
बरनाला में गुरमीत सिंह मीत हेयर ने अपनी पत्नी डॉ. गुरवीन कौर के साथ वोट डाला। इस दौरान उन्होंने दावा किया कि बरनाला नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी बड़ी जीत दर्ज करेगी और पहली बार अपना मेयर बनाएगी।

चुनाव आयोग ने सुरक्षा को लेकर बरती सख्ती
राज्य चुनाव आयुक्त राज कमल चौधरी ने कहा कि मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाए रखने के लिए हर बूथ के अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। मतदान के बाद डीवीआर को स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित रखा जाएगा।

चुनाव के मद्देनजर पूरे पंजाब में सरकारी छुट्टी घोषित की गई है। इसके अलावा शराब बिक्री पर भी रोक लगाई गई है। सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए करीब 35 हजार पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। राज्य चुनाव आयोग ने मतदान केंद्रों के अंदर मोबाइल फोन समेत 9 चीजों को ले जाने पर प्रतिबंध लगाया है।


110

Share News

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 163234