चंडीगढ़ के पॉश सेक्टर-9 मार्केट में खुलेआम शराब बांटने के मामले में सेक्टर-3 थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने DJ मालिक राजेश सचदेवा के खिलाफ FIR दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामला सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद सामने आया, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई।
चुस्की में मिलाकर बांटी जा रही थी शराब
पुलिस के मुताबिक सेक्टर-9 स्थित शराब ठेके के बाहर नए शराब ब्रांड के प्रमोशन के लिए स्टॉल लगाया गया था। यहां लोगों को बर्फ के गोलों यानी चुस्की में वोदका मिलाकर मुफ्त में दी जा रही थी।
Chandigarh Police have registered an FIR and arrested Rajesh Sachdeva in connection with openly serving liquor in Sector-9 market. According to the FIR, liquor was allegedly served outside a vend to promote a new liquor brand. pic.twitter.com/37c3SXgtsO
— Akashdeep Thind (@thind_akashdeep) May 25, 2026
वायरल वीडियो में बड़ी संख्या में युवाओं की भीड़ स्टॉल के आसपास दिखाई दे रही है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो खुद शराब ठेके से जुड़े लोगों की ओर से इंस्टाग्राम पर अपलोड किया गया था, जिसे विवाद बढ़ने के बाद डिलीट कर दिया गया। हालांकि तब तक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल चुका था।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
सेक्टर-3 थाना पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए FIR दर्ज की। पुलिस ने अपनी रिपोर्ट में लिखा है कि शराब ठेके के बाहर खुलेआम लोगों को नई शराब ब्रांड को प्रमोट करने के लिए शराब पिलाई जा रही थी। आयोजन के दौरान DJ की व्यवस्था राजेश सचदेवा ने की थी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
प्रशासन ने लाइसेंस होल्डर को भेजा नोटिस
इस मामले पर चंडीगढ़ के डिप्टी कमिश्नर निशांत यादव ने कहा कि सेक्टर-9 के जिस शराब ठेके के बाहर यह गतिविधि हुई, उसके लाइसेंस होल्डर को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। मामले की जांच की जा रही है और नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शराब ठेकेदार पर सवाल
घटना के बाद सोशल मीडिया पर पुलिस कार्रवाई को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि DJ मालिक के खिलाफ कार्रवाई की गई, लेकिन शराब ठेकेदार के खिलाफ अभी तक कोई सख्त कदम सामने नहीं आया है। इस पूरे घटनाक्रम ने शहर में शराब प्रमोशन और सार्वजनिक स्थानों पर नियमों के पालन को लेकर नई बहस छेड़ दी है।

Comments
No comments yet.