Sun, 24 May 2026

पेपर खत्म होने की खुशी मातम में बदली, जम्मू जा रही बस हादसे का शिकार; 2 की मौत

गुरदासपुर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। धारीवाल के नजदीक कस्बा कलेर खुर्द के पास अमृतसर से जम्मू जा रही एक तेज रफ्तार टूरिस्ट बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि बस के पीछे चल रही 3 से 4 गाड़ियां भी आपस में टकरा गईं।

इस हादसे में 2 कॉलेज छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

छुट्टियों की खुशी कुछ ही पलों में मातम में बदली
जानकारी के मुताबिक बस में सवार अधिकांश छात्र अमृतसर के ग्लोबल कॉलेज के थे। परीक्षा खत्म होने और छुट्टियां शुरू होने के बाद सभी छात्र अपने घर जम्मू लौट रहे थे। बस में छात्रों के बीच खुशी का माहौल था, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने सब कुछ बदल दिया।

हादसे में बाल-बाल बचे छात्रों ने बताया कि अचानक बस का संतुलन बिगड़ गया और तेज धमाके के साथ बस पलट गई। इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

हादसे से बच निकले छात्रों ने सुनाई आपबीती
हादसे में सुरक्षित बचे ग्लोबल कॉलेज के छात्र नितिश, हरीश और विश्व अरोड़ा ने भावुक होते हुए बताया कि सभी दोस्त छुट्टियां बिताने के लिए जम्मू जा रहे थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि सफर इतना दर्दनाक साबित होगा। उन्होंने कहा कि बस पलटते ही चारों तरफ चीखें सुनाई देने लगीं और कई छात्र बस के अंदर फंस गए।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीमें मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।


150

Share News

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 162760